
मुकेश शर्मा
मुकेश शर्मा दिल्ली यूनिर्विसिटी से जर्नलिज्म डिग्री होल्डर हैं और पिछले 8 साल से Health Journalism से जुड़े हुए ... Read More
Written By: Mukesh Sharma | Published : May 22, 2022 2:05 PM IST
ऐसा कहा जाता है कि छोटे बच्चे दिल के सच्चे होते हैं और वे हमेशा वही बोलते व करते हैं, जो उनके मन को भाता है। इसलिए बच्चे की बातों और हरकतों का कोई बुरा नहीं मानता है, उल्टा वह सबको प्यारा लगने लगता है। लेकिन यह सिर्फ घर तक ही सीमित है, अगर आपको बच्चा आपके पड़ोसी के घर में जाकर भी ऐसी ही शरारतें कर रहा है, तो आपके प्यारे पड़ोसी भी बच्चे को बुलाने से कतराते हैं। यहां तक कि ऐसा होने पर कुछ पड़ोसी तो अपने बच्चे को शरारती बच्चों के साथ खेलने से मना कर देते हैं। इसलिए हर माता-पिता के लिए जरूरी है, कि वे बच्चे को खासतौर पर दूसरों के घर पर जाकर कैसा बर्ताव करना है कैसे पेश आना है आदि अच्छी आदतें सिखाएं। चलिए जानते हैं बच्चों को कौन सी आदतें सिखानी चाहिए, जिससे पड़ोसी उन्हें बुलाने से कतराने की बजाय उन्हें प्यार करने लगें। (How to deal with Child behavior issue)
घर हो या बाहर एक बच्चे का जीवन सफल बनाने के लिए उसे ये चीजें सिखाना बहुत जरूरी है। अपने बच्चे को सिखाएं कि जब वह दूसरे के घर जाता है, तो अपने से बड़ों को नमस्ते करे और छोटे बच्चों के साथ हमेशा प्यार से पेश आए। छोटे बच्चों को हमेशा अपने से बड़ों के साथ आदर से बात करनी चाहिए।
मान कर चलिए जब आपके घर पर पड़ोसी का छोटा बच्चा आ जाता है और अलग-अलग चीजों को उठाने लगता है, तो आप कितना इरिटेट हो जाते हैं। इसलिए आप कभी नहीं चाहेंगे कि आपके बच्चे से कोई इसी तरह परेशान हो जाए। इसका अच्छा तरीका यही है कि उसे पहले से ही अच्छी आदतें सिखाएं और समझाएं किसी बाहर जाकर किसी भी चीज को नहीं छूना है।
यह शिक्षा बच्चे के लिए बहुत जरूरी है और जीवन भर काम आती है। अगर आपका दूसरों के घर जाकर चीजें मांग कर खाता है, तो यह बहुत बुरी आदत है। इसलिए दूसरों के घर खेलने के लिए जाने से पहले ही बच्चे को खाना खिला दें और समझाएं कि उसे कोई भी चीज खुद से मांग कर नहीं खानी है। साथ ही अगर वे कोई चीज प्यार से देते हैं, तो उसे मना भी नहीं करना है।
अपने बच्चे को अच्छी परवरिश देने के लिए उसे सबसे पहले गलत समय पर दूसरों के घर जाने से रोकें। अगर आपका बच्चा सुबह-सुबह ही दूसरों के घर चला जाता है या फिर ब्रेकफास्ट, लंच या डिनर के समय दूसरों के घर पर खेल रहा है, तो यह गलत बात है। हमेशा बच्चे के खाने व स्टडी के समय को मेंटेन रखें और खेल के समय पर ही दूसरों के घर जानें दें।
ये छोटी-छोटी बातें बच्चे के व्यवहार को अच्छा बनाती हैं और फिर सब उससे प्यार करने लगते हैं। अगर आपको बच्चा पड़ोसी के घर पर उनके बच्चों के साथ खेल रहा है, तो उसे बिना बताए नहीं आना चाहिए। अगर बच्चे अपने घर पर वापस आना चाहता है, तो पड़ोसी के घर पर किसी भी बड़े को बताकर ही आना चाहिए। बिना पूछे उनके घर से चले जाना बच्चे के व्यवहार को गैर-जिम्मेदार और लापरवाह बनाता है।