बच्चे को पहली बार भेज रहे हैं स्कूल ट्रिप पर अकेला,तो उन्हें समझाएं ये 4 बातें, बच्चे रहेंगे सेफ और आप रहेंगे स्ट्रेस-फ्री

अगर आप अपने बच्चे को समय के साथ उनकी सेफ्टी से जुड़ी ये बातें समझाते जाएं तो इससे बच्चे भी खुद का बेहतर ख्याल रख सकते हैं और आपकी चिंता भी कम होती है।

WrittenBy

Written By: Sadhna Tiwari | Updated : February 8, 2023 9:29 PM IST

Safety Tips for kids going for school trip: स्कूल जाने वाले बच्चे रोज नयी-नयी चीजें सीखते हैं और उसी के अनुसार उनकी पर्सनालिटी डेवलपमेंट भी होता है। स्कूल में पढ़ते-लिखते, खेलते-कूदते और ड्रामा या परेड जैसी एक्टिविटीज में हिस्सा लेते हुए बच्चों को कई तरह के नये अनुभव होते हैं। इसके साथ ही बच्चे निर्णय लेना, अपनी भागीदारी की अहमियत समझना, जिम्मेदारी उठाना और टीम वर्क करना भी सीखते हैं। इसीलिए, माता-पिता भी चाहते हैं कि बच्चे स्कूल में होने वाली हर एक्टिविटी में हिस्सा लें। ताकि अपनी उम्र के अन्य बच्चों और क्लासमेट्स के साथ मिलकर वे दुनिया को बेहतर तरीके से समझ सकें और समझदार भी बनें।

बच्चों की जनरल नॉलेज और स्किल्स को इम्प्रूव करने के लिए अक्सर स्कूलों और कॉलेजों द्वारा कई तरह की फील्ड ट्रिप्स और टूअर का भी इंतजाम किया जाता है जहां बच्चे अपने टीचर्स और साथियों के साथ घूमने-फिरने के साथ-साथ नयी-नयी चीजें सीखते हैं। यात्रा के दौरान खुद का ख्याल रखने, अपने टिकट-पैसे और सामान की देखभाल के साथ-साथ ट्रिप पर सामने  आने वाली स्थितियों में निर्णय लेने, जरूरी चीजों का इंतजाम करने और अन्य बच्चों के साथ तालमेल बिठाने जैसे काम स्कूल की ट्रिप पर सीखे जा सकते हैं।

जब बच्चे को पहली बार जाना हो स्कूल ट्रिप पर अकेले...

लेकिन, जब भी बच्चे को कीं ट्रिप या पिकनिक पर जाना हो तो माता-पिता की चिंता बढ़ जाती है। बच्चों की मासूमियत और दुनियादारी की  समझ की कमी जैसे कारणों से उनके मां-बाप अक्सर बच्चे की सुरक्षा को लेकर परेशान हो जाते हैं। बच्चे की सेफ्टी के लिए मां-बाप की चिंता स्वाभाविक है लेकिन, अगर आप अपने बच्चे को समय के साथ उनकी सेफ्टी से जुड़ी बातें समझाते जाएं तो इससे बच्चे भी खुद का बेहतर ख्याल रख सकते हैं और आपकी चिंता भी कम होती है। यहां पढ़ें कुछ ऐसी ही टिप्स जो पहली बार स्कूल ट्रिप पर जा रहे बच्चों की सेफ्टी के लिए काम आ सकती हैं। (Safety Tips for kids going for school trip in Hindi)

तैयारी रखें पूरी

ट्रिप पर भेजने से पहले माता-पिता को बच्चे की ट्रिप से जुड़ी सभी जानकारियां कंफर्म करनी चाहिए जैसे बच्चे कब तक किस जगह पर रहेंगे, उनके साथ कितने टीचर्स और गार्ड्स रहेंगे। बच्चों की हेल्थ का ख्याल रखने के लिए क्या इंतजाम किए गए हैं और इमरजेंसी की स्थिति में किससे कॉन्टैक्ट करना चाहिए।

हेल्थ और हाइजिन का रखें ख्याल

कोरोना महामारी के बाद से बीमारियों और इंफेक्शन्स के फैलने की रफ्तार में भी इजाफा देखा गया है। ऐसे में बच्चे की हेल्थ और हाइजिन को लेकर लापरवाही करना बिल्कुल ठीक नहीं। बच्चे को समझाएं कि वह जहां जा रहा है वहां, वह अपनी हाइजिन और सेफ्टी का खास ख्याल रखें। उन्हें बार-बार हाथ धोने, सुबह-शाम नहाने, हैंड सैनिटाइजर का इस्तेमाल करने और गरम पानी पीने जैसी बातों का महत्व समझाएं।
लड़कियों को पीरियड्स के दौरान हाइजिन का ख्याल रखने के लिए सभी जरूरी चीजें अपने बैग में पैक करने में मदद करें।

टीचर से पूछे बिना कुछ ना करें

टीनएजर्स और यंगस्टर्स में अक्सर देखा जाता है कि ट्रिप पर वे जोश में आकर देर रात घूमने निकल जाते हैं या टीचर को बताए बिना यहां-वहां चले जाते हैं। बच्चों की यह हरकत उन्हें मुश्किल में डाल सकती है। अनजान और नयी जगह पर रात में अकेले घूमना बच्चों की सुरक्षा के लिहाज से बहुत खतरनाक साबित हो सकता है। इसीलिए, आप अपने बच्चों से इस बारे में बात करें और उन्हें समझाएं कि टीचर को बताए बिना ऐसा कोई काम ना करें जो उनके लिए रिस्की साबित हो।

अनजान लोगों से ज्यादा बात ना करें

पिकनिक और ट्रिप पर कई तरह के लोगों से मिलना-जुलना होता है ऐसे में बच्चे कई लोगों से बात भी करते हैं। लेकिन, ऐसी स्थिति में अपनी पर्सनल जानकारी देना, अपना फोन नंबर देना या एक-दूसरे के साथ तस्वीरें खींचवाना या एक-दूसरे के मोबाइल का इस्तेमाल करना बच्चे की सेफ्टी के लिए ठीक नहीं। इसीलिए, बच्चे को यह समझाएं कि वह अनजान लोगों से ज्यादा बातें ना करे और किसी तरह की जानकारी उनके साथ ना शेयर करे।
Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source