
रश्मि उपाध्याय
रश्मि उपाध्याय साल 2014 से मीडिया क्षेत्र से जुड़ी हैं और TheHealthSite.Com में बतौर एडिटर काम कर रही हैं। इन्हें ... Read More
Written By: Rashmi Upadhyay | Published : July 27, 2020 5:44 PM IST
1 से 3 साल तक के बच्चों के लिए अमृत है चावल का माढ़
चावल तो लगभग हर घर में बनते हैं। कुछ लोग इन्हें लंच में लेना पसंद करते हैं तो कुछ लोग डिनर में। कुकर में चावल गीले बनते हैं इसलिए अधिकतर लोग इन्हें पतेला या किसी गहरे और खुले बर्तन में बनाना पसंद करते हैं। जब पतले में चावल बनते हैं तो उसमें से माढ़ निकलता है, जिसे शायद आप भी बेकार समझकर फेंक देते होंगे! लेकिन क्या आपको पता है कि यह माढ़ बच्चों के लिए कितना फायदेमंद होता है? 1 से 3 साल तक के बच्चों के लिए चावल का माढ़ किसी अमृत से कम नहीं है। यह बच्चों में विटामिन बी, सी, ई और कार्बोहइड्रेट की कमी को दूर करता है। सिर्फ यही नहीं चावल का माढ़ बच्चों के पाचन तंत्र को मजबूत करने के साथ ही पेट से संबंधित कई रोगों को भी दूर करता है। छोटे बच्चों में अक्सर कब्ज और आंतों में जलन की भी समस्या हो जाती है, यह उन्हें दूर करने में भी सक्षम होता है। अब तो आप समझ ही गए होंगे कि जिस चावल के माढ़ को आप बेकार समझकर फेंक देते थे वह कितना फायदेमंद है। तो आइए जानते हैं इसके लाभों को विस्तार से और पिलाने का सही तरीका-
चावल का माढ़ बच्चों को भरपूर एनर्जी देता है। क्योंकि जब चावल उबलते हैं तो उसके न्यूट्रीशंस प्रोटीन और मिनरल्स पानी में आ जाते हैं। ऐसे में जब बच्चा इसे पीता है तो उसे पोषक तत्वों के साथ काफी एनर्जी भी मिलती है। इस तरल पदार्थ को बच्चों को पिलाने से उनमें कार्बोहाइड्रेट और एमीनो एसिड की कमी पूरी होती है। इसलिए छोटे बच्चे के लिए यह बेहद फायदेमंद होता है।
जब बच्चा अन्न खाने लगता है तो उसके शरीर में पानी की सही मात्रा जाना भी जरूरी होता है। नहीं तो बच्चे डिहाइड्रेशन की चपेट में आ जाते हैं। अगर आपका बच्चा पानी पीने से मना करता है तो आप उसे चावल का माढ़ पिला सकते हैं। चावल का माढ़ बच्चो के शरीर में पानी की कमी को पूरा करता है।
छोटे बच्चों को कब्ज, पेट में दर्द और डायरिया होना आम बात होती है। अगर शरीर में पानी की कमी न हो तो इन स्वास्थ्य समस्याओं से बच्चों को बचाया जा सकता है। इस स्थिति में चावल का मांड बहुत फायदेमंद साबित होता है। यह दस्त को रोकने में बहुत ही असरदार साबित होता है। अगर आपको बच्चे में डायरिया के शुरुआती लक्षण दिखें तो आप बच्चों को माढ़ पिलाकर गंभीर परिणामों से बचा सकते हैं।
बच्चों को चावल का माढ़ पिलाना बहुत आसान होता है। माढ़ में आप थोड़ा सा नमक या चीनी डालकर और इसे एक हल्का सा उबाल देकर तैयार कर सकते हैं। और ठंडा कर बच्चों को पिला सकते हैं। अगर आप इसमें आधा चम्मच नमक डाल देंगे तो इसके लाभ दोगुने हो सकते हैं। 1 कटोरी चावल का माढ आपके बच्चे को दिन भर उर्जावान करने के साथ ही कई अन्य लाभ भी देगा। अगर आपको किसी तरह की कन्फ्यूजन हो या आपके बच्चे को कोई शारीरिक रोग है तो आप इसे देने से पहले डॉक्टर की सलाह ले सकते हैं।