
... Read More
Written By: Mousumi Dutta | Updated : January 4, 2017 5:58 PM IST
शिशु हो या बच्चे बिस्तर पर पेशाब करने को लेकर कौन-सी ऐसी मां है जो परेशान नहीं रहती हैं। अक्सर बच्चे सोते समय रात को पेशाब कर देते हैं या खेलते-खेलते अनमने अवस्था में भी पेशाब कर देते हैं। वैसे तो डॉक्टरों का कहना है कि 5-7 वर्ष तक बच्चों के पेशाब करने की आदत को बीमारी का नाम नहीं दे सकते हैं। मां होने के नाते मैं जानती हूं कि बच्चे की इस आदत से माँ को सबसे ज्यादा परेशानी होती है क्योंकि शिशु के पेशाब के महक को झेलना बहुत मुश्किल होता है। साथ ही साफ-सफाई की बात तो है ही। इस आदत के लिए बच्चे को डांटने के बजाय उसको कुछ समय के अंतराल में याद करके बाथरूम ले जाय, इससे इस समस्या को कुछ हद तक कंट्रोल में कर सकते हैं।
मैं यहां एक ऐसे घरेलू उपाय के बारे में बता रही हूं जो मेरी नानी आजमाया करती थी। और उनके बाद मेरी मां और मैंने भी आजमाया है। मैं अपने इस अनुभव को उन सारे मां के साथ शेयर करना चाहती हूं जो इस समस्या से जुझ रही हैं। हम अक्सर देखते हैं कि हमारे दादी या नानी मां के पास बहुत सारे ऐसे घरेलू नुस्ख़े होते हैं जो हर छोटी-छोटी परेशानियों में असरदार रूप से काम करते हैं। ये घरेलू नुस्ख़ा उनमें से ही एक है। काला तिल बच्चे के बिस्तर में पेशाब करने की समस्या से छुटकारा दिलाने में असरदार रूप से काम करता है।
इसके लिए आपको एक छोटा चम्मच काला तिल रात को भिगोकर रखना पड़ेगा। अगले दिन सुबह उसको पीसकर आधा छोटा चम्मच उस मिश्रण को पानी के साथ बच्चे को खाली पेट खिला दें। इस प्रक्रिया को सात दिनों तक करने के बाद पंद्रह दिन के बाद फिर इसको दोहरायें। उसके तीन-चार महीनों तक इसके असर को देखें। अगर पेशाब करने की आदत छुट गई तो इसको न दोहरायें। अगर कभी-कभी तब भी हो रहा है तो पांच-छह महीने के बाद इस प्रक्रिया को फिर से दोहरायें। फिर छोड़ दें।
लेकिन इस उपचार को करने के पहले डॉक्टर से सलाह ले लें और मात्रा को न बढ़ायें।
(नोट – ये लेखक के अपने निजी विचार हैं। Thehealthsite.com ऐसे किसी घरेलु नुस्ख़े की सलाह नहीं देता है।)
चित्र स्रोत - Shutterstock