खोने के बाद बच्चा आ सके वापस घर, इसलिए उसे याद कराएं ये 5 बातें

ये टिप्स खोने के बाद बच्चों को सुरक्षित रहने में भी मदद करेंगी।

WrittenBy

Written By: Editorial Team | Published : January 12, 2017 2:03 PM IST

अगर आपको घूमने-फिरने का शौक है और आप एक 2-3 साल के बच्चे के माता-पिता हैं तो हम समझ सकते हैं कि आपकी सबसे बड़ी चिंता क्या है, निश्चित ही आपके छोटे बच्चे के खो जाने का डर। मॉल, समुद्र किनारे और पार्क जैसी जगहों पर अब छुट्टी वाले दिनों में खूब भीड़ दिखती है, और ऐसी भीड़भाड़वाली जगहों पर आपके बच्चे का हाथ छूटने का डर बना रहता है।

मेरे साथ ऐसी घटना दो बार हो चुकी है जब मेरी छोटी-सी बच्ची खो गयी और मेरी जान निकलने वाली हालत हो गयी। बच्चे के आसपास न दिखते ही आपके मन में बुरे-बुरे ख्याल आने शुरु हो जाते हैं-कहीं वह सीढ़ियों के पास तो नहीं गिर गया, या किसी ने उसे खिलौने की दुकान दिखाने के बहाने से तो नहीं फुसलाया और फिर उसे गोद में उठाकर तो नहीं कहीं भाग गया। आपका बच्चा रो रहा है, आपको पुकार रहा है और आप भी पागलों की तरह उसे ढूंढ रहे हैं। डरावना है न यह ख्याल?

मैं ईश्वर से दुआ करती हूं कि किसी बच्चे के साथ ऐसा कभी न हो। लेकिन अगर वह कहीं खो गया तो? आप उसे ऐसी स्थिति के लिए कैसे तैयार करेंगी? हम बता रहे हैं कुछ तरीके जिन्हें आपको अपने बच्चे को समझानी चाहिए ताकि वह अगर कहीं खो जाए तो उसे घर लौटने में आसानी हो।

1. उसे मां-बाप का नाम याद कराएं- जैसे ही आपका बच्चा बात करने लगे तो सबसे पहले उसे मां-बाप का नाम सही तरीके से बोलने और याद कराएं। मम्मी-पापा के साथ दादा-दादी या कोई रिश्तेदार या पड़ोसी जिसके साथ बच्चा बहुत अधिक जुड़ाव महसूस करता हो या जिनके पास बार-बार जाता हो, उनका नाम भी याद करने में बच्चे की मदद करें। हो सकता है आपका बच्चा कहीं खो जाए और पुलिसवालों या सिक्योरिटी गार्ड्स को मिले तो आपका नाम बताकर उसे घर पहुंचने में आसानी होगी।

2. अपना पता बोलना सिखाएं- 2 साल के छोटे बच्चों के लिए अपने घर का पता याद करना मुश्किल काम नहीं है। अपने बच्चे को अपनी बिल्डिंग, पास की सड़क और इलाके का नाम याद कराएं। इसी तरह जब भी आप कहीं बाहर जाएं तो उसे उन्हें बताएं कि आप कहां जा रहे हैं और वहां से वापस कैसे आएंगे। जैसे आपको रिक्शा या टैक्सी से आना है तो आप चालक को क्या बताएंगे कि आपको कहां जाना है या फिर आप पैदल आते हुए घर के पास की किसी मशहूर इमारत या आसानी से पहचानी जानेवाली चीज़ें जैसे-अस्पताल, चर्च, मंदिर, स्कूल या दुकान आदि के बारे में भी ज़रूर बताएं। खेलते-कूदते, नहाते या कपड़े पहनाते समय उससे यह सब दोहराने और याद करने के लिए कहें।

3. फोन नम्बर रटाएं- अपने बच्चे को अपना या घर में किसी एक व्यक्ति का फोन नम्बर ज़रूर रटवाएं। बच्चे को फोन नंबर याद कराने का मतलब है बच्चे के घर लौटने की बहुत अधिक सम्भावना। आजकल बहुत से माता-पिता अपने फोन नम्बर का टेम्पररी टैटू बनवाते हैं और अपने बच्चे के हाथ पर चिपकाते हैं। इस तरह अगर बच्चा कहीं खो जाता है तो मिलनेवाले लोगों या पुलिसवाले के लिए आपको फोन करके सूचना देना आसान होगा।

4. उन्हें समझाएं कि किससे मदद मांगनी चाहिए- अगर आपके बच्चे को यह पता है कि खो जाने के बाद उसे किससे बात करनी है तो बहुत सी बुरी स्थितियां टाली जा सकती हैं। जी हां, अपने बच्चे को बताएं कि सिक्योरिटी गार्ड और पुलिस वालों की यूनिफॉर्म कैसी होती है। उसे बताएं कि अगर कभी वह खो जाता है और उसे पुलिस या सिक्योरिटी वाले दिखते हैं तो वह उनके पास जाकर मदद के लिए कह सकता है। सबसे सुरक्षित तरीका है किसी ऐसी महिला या परिवार के पास जाना, जो बच्चों के साथ वहां आए हों। उनके लिए आपके बच्चे को शांत कराना आसान होगा और वो उसकी मदद भी करना चाहेंगे।

5. किसी के साथ नहीं जाना- बच्चों की चोरी या उनका अपहरण करनेवालों के लिए एक अकेला-रोता हुआ बच्चा एक आसान शिकार हो सकता है। बच्चे को समझाएं कि कोई ऐसा व्यक्ति जो उसे अपने साथ ले जाने के लिए कहे उसके साथ कहीं न जाएं। खासकर अगर वह व्यक्ति पुलिस या सिक्योरिटी की यूनिफॉर्म में न हो या अकेला हो। अक्सर ऐसे अकेले बच्चों को अपहरकर्ता यह बताते हैं कि बच्चे के मां-बाप ने उन्हें बच्चे को लेने भेजा है। ऐसे खतरनाक लोगों से अपने बच्चे को बचाने के लिए उसे कुछ पासवर्ड बताएं। साथ ही बच्चे को समझा दें कि जब भी वह उन्हें लेने किसी को भेजेंगे तो उसे पासवर्ड ज़रूर बताएंगे।

माता-पिता के तौर पर हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता है अपने बच्चों को सुरक्षित रखना, इसलिए जब भी ऐसी किसी जगह घूमने जाएं जहां बहुत भीड़ होती है तो बेबीवेयरिंग या बच्चे को सम्भालनेवाली लीश (leash) भी साथ रखें। यदि दुर्भाग्य से, आपका बच्चा कहीं छूट जाता है तो आपकी सिखायी ये बातें उसके काम आएंगी।

Read this in English

अनुवादक-Sadhna Tiwari

चित्रस्रोत- Shutterstock,

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source