
Also Read
आजकल लोगों की ये मान्यता हो गई है कि जिस व्यक्ति को अंग्रेजी नहीं आती है वह सुशिक्षित या पढ़ा लिखा नहीं है। लेकिन आश्चर्य की बात ये है कि हिन्दी एक ऐसी अनोखी भाषा है जो हर प्रांत के लोगों के भावना को अपने दिल में समेटने की क्षमता रखती है। हिन्दी में लोग अपनी छोटी-से-छोटी भावना को शब्दों में पिरोकर व्यक्त कर सकते हैं और सबसे मजेदार बात ये है कि इन शब्दों को आप अंग्रेजी क्या किसी भी भाषा में अनुवाद नहीं कर सकते हैं। इसलिए हर भारतीय को खुद और अपने बच्चे को हिन्दी भाषा में सुशिक्षित करना चाहिए। जब तक हिन्दी भाषा को नहीं समझेंगे तब तक भारत को सम्मान नहीं दे सकते हैं।
क्या आप जानते हैं कि हमारी राष्ट्रभाषा हिंदी दुनिया की चौथी सबसे अधिक बोली जानेवाली भाषा है। सीखने में सरल, समझने में आसान और सुनने में मीठी लगनेवाली हिंदी के ग्लोबल भाषा बनने के पीछे एक बड़ा कारण है, हमारी फ़िल्में और उनमें इस्तेमाल होनेवाले विभिन्न शब्द। साहित्यिक भाषा से लेकर जुमलों और आजकल इस्तेमाल किए जा रहे छोटे शब्द जिन्हें शॉर्ट वर्ड्स या लिंगो कहा जाता है। ये सब बॉलीवुड फ़िल्मों और हमारी बातों में किसी न किसी रूप में इस्तेमाल होते रहते हैं।
14 सितंबर हिंदी दिवस एक विशेष दिन है। जिसके माध्यम से सम्पन्न और लोकप्रिय भाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार और उसके प्रयोग को प्रोत्साहित करना ही मकसद है। जी हां, यहां हम लिख रहे हैं कुछ ऐसे हिंदी शब्द जिनका अंग्रेज़ी भाषा में अनुवाद करना नामुमकिन है।
1. जूठा- जी हां, जूठा भोजन तो दुनिया के हर कोने में मिलेगा। लेकिन जूठे भोजन के लिए किसी विदेशी भाषा में शायद ही कोई सटीक शब्द मिले। वैसे जिस भोजन को कोई अपने मुंह से थोड़ा-सा खा ले वह किसी और को परोसने लायक ठीक नहीं माना जाता। ऐसे ही भोजन को हिंदी में जूठा भोजन कहते हैं।
2. फुफा- सर घूम गया ना? अजी इंग्लिश में होते हैं केवल अंकल और फुफाजी तो पाए जाते हैं केवल हमारे देश में। पिता की बहन यानि बुआ (फुफी) के पति को कहते हैं फुफा।
3. परसों- आनेवाले कल के बाद या बीते हुए कल से पहले का दिन कहलाता है परसों। अंग्रेजी में इसे डे आफ्टर टुमॉरो / डे बिफ़ोर यस्टर्डे ज़रूर कहा जाता है लेकिन जब कोई हिंदीभाषी किसी सामने परसों शब्द का इस्तेमाल करे। तो ज़ाहिर है एकबारगी दूसरे नहीं समझ पाएंगे कि आखिर वो किस दिन की बात कर रहा है। /12 सितंबर की बात कर रहा है या 16 सितंबर की।
4. काम-वाम- चाहे जिस किताब में ढ़ूंढ़ने की कोशिश कीजिए इस जोड़ी-दार शब्द का मतलब कहीं नहीं मिलेगा। सबसे कमाल की बात है कि आम बोलचाल की हिंदी में ऐसे और कई भी शब्द आप बार-बार सुनेंगे। जैसे- खर्चा-वर्चा, पैसा-वैसा, रोटी-वोटी लात-वात।
5. कर्म- इस सुंदर से शब्द को इंग्लिश में ‘कर्मा’ के तौर पर आजकल खुलकर इस्तेमाल किया जा रहा है। लेकिन ‘कर्म’ का अर्थ केवल अपने कार्यों के परिणाम के तौर पर दर्शाया जाता है जबकि हिंदी भाषा और सनातन धर्म में इसका अर्थ कहीं अधिक गहरा है।
6. चटनी- यूं तो अंग्रेज़ी भाषा में चटनी के लिए सॉस, केचअप या डिप जैसे शब्द इस्तेमाल किए जाते हैं। लेकिन आप ही बताइए क्या उनका स्वाद हमारी भारतीय चटनी जैसा ज़ायकेदार होता है?
7. पंचायती- पंचायत राज भले ही कम दिखे लेकिन ‘पंचायती’ करने में उस्ताद लोग देश के कोने-कोने में मिल जाएंगे। बस नहीं मिलेगा तो इसका जुड़वा अंग्रेजी शब्द।
8. चाय-पानी – रिश्वत या ब्राइब से वो काम कभी न होगा जो ‘चाय-पानी’ कर देगा।
9. भेल- यूं तो इतिहास में पहली बार भेल किसने और किसके लिए बनायी ये तो आपको कोई नहीं बता पाएगा। लेकिन मुंबई के समुद्री तटों से लंदन, अमेरिका और ऑस्ट्रेलिया तक अपने स्वाद का डंका बजाने वाली भेल को अंग्रेजी भाषा के बड़े-से-बड़े जानकार भी शायद ही ‘चाट का एक प्रकार’ या ‘नमकीन चीजों के मिश्रण’ से अधिक शायद ही कुछ बोल पाएं।
10. पनौति – अब ये तो आप भी मानते हैं ना कि ‘अनलकी’ या ‘बैड’ जैसे शब्दों में वो ताकत कहां जो ‘पनौति’ के जलवे का वर्णन कर सके।
तो अगर आप भी जानते हैं ऐसे ही कुछ शब्द या ऊपर लिखे शब्दों के अनुवाद के तौर पर एक सटीक अंग्रेज़ी शब्द तो नीचे कमेंट बॉक्स में लिख भेजिए!
चित्र स्रोत- Shutterstock.