जानिये क्यों ज़रूरी है हर बच्चे के लिए आउटडोर गेम खेलना

आउटडोर गेम खेलने से बच्चों में लीडरशिप स्किल भी डेवेलप होती है!

WrittenBy

Written By: Editorial Team | Published : January 24, 2017 6:19 PM IST

आज का दौर टेक्नोलॉजी का दौर है और इसने हम सबकी जीवनशैली को पूरी तरह बदल दिया है। अब बड़ों के साथ-साथ बच्चे भी हर चीज में तकनीक का सहारा लेने लगे हैं। अब बच्चे आउटडोर गेम की बजाय कम्प्यूटर या मोबाइल गेम्स को ज्यादा पसंद करते हैं। क्योंकि एक तो इन्हें आराम से घर बैठे खेला जा सकता है, कहीं आने जाने की ज़रूरत नहीं और दूसरा इसके ग्राफ़िक्स और डिज़ाइन इतने उम्दा होते हैं कि बच्चे इसे खेलने का लालच छोड़ ही नहीं पाते हैं। हालांकि इन्ही गेम्स के कारण ही आज कल बच्चे बहुत कम उम्र में ही मोटापे के शिकार हो जाते हैं। कई घंटों एक ही जगह बैठकर कंप्यूटर गेम्स  खेलते रहने से उनकी शारीरिक गतिविधियां रुक जाती हैं। मोटापे के ही कारण उनको दिल से जुड़ी कई बीमारियां, हाई ब्लड प्रेशर और डायबिटीज जैसी कई बीमारियों का सामना करना पड़ता है।

इसलिए ज़रूरी है कि बच्चों को आउटडोर गेम खेलने के लिए प्रेरित करें और उन्हें अच्छे से समझाएं कि यह उनके स्वास्थ्य के लिए कितना फायदेमंद है। ये खेल न सिर्फ अच्छी हेल्थ के लिए सही हैं बल्कि इससे आपकी सोशल रिलेशनशिप भी बेहतर होती जाती है। आइये जानते हैं आखिर क्यों ज़रूरी है आउटडोर गेम खेलना-

फ्रेंडशिप: जब भी बच्चे आउटडोर गेम खेलने जाते हैं तो रोज उनके नये दोस्त बनते हैं जो वे कम्प्यूटर गेम खेलते हुए कभी भी नहीं बना सकते। इन खेलों को खेलने से बच्चों में टीम में काम करने की आदत बनती है जो उनकी प्रोफेशनल ग्रोथ के लिए बहुत ज़रूरी है।

फैमिली : आज कल बच्चे अपनी फैमिली के साथ बहुत कम समय बिता पाते हैं क्योंकि या तो वे स्कूल में रहते हैं या घर पर आकर अपने लैपटॉप और मोबाइल से चिपक जाते हैं। इसलिए बच्चों को पेरेंट्स और अपने भाई-बहनों के साथ मिलकर आउटडोर गेम खेलना चाहिए। इससे आपसी रिश्ते भी मजबूत होते हैं साथ ही बच्चे की हेल्थ भी बेहतर हो जाती है।

स्वास्थ्य : आउटडोर गेम खेलने का सबसे बड़ा फायदा तो यही है कि इससे आपकी हेल्थ कुछ ही दिनों में बहुत बेहतर होने लगती है। रोज़ाना खेलने से आपकी भूख बढ़ने लगती है साथ ही पाचन तंत्र भी दुरुस्त रहता है। अगर बच्चे खेल के साथ साथ हेल्दी डायट भी लें यह उनके शारीरिक विकास के लिए बहुत ही फायदेमंद होता है।

स्कूल: कई लोगों का मानना है जो बच्चे खेल में ज्यादा टाइम बिताते हैं वो पढ़ने-लिखने में अच्छे नहीं रह पाते या फिर खेलों की वजह से उनकी पढ़ाई-लिखाई प्रभावित हो जाती है। ऐसा सोचना सही नहीं है क्योंकि आउटडोर गेम खेलने से न सिर्फ आपका शारीरिक विकास होता है बल्कि इससे मानसिक विकास भी होता है। इसका साफ़ मतलब है कि आउटडोर गेम खेलने से सोचने समझने की क्षमता या तार्किक क्षमता और बढ़ जाती है जिससे बच्चे और बुद्धिमान बनते हैं। इसलिए बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलने के लिए भी प्रेरित करें।

लीडरशिप स्किल: आउटडोर गेम खेलने से बच्चों में सीखने की क्षमता तो बढती ही है साथ ही उनमें लीडरशिप स्किल भी डेवेलप होती है जो उनके प्रोफेशनल ग्रोथ के लिए बहुत फायदेमंद होता है। टीम में काम करना और लीडरशिप स्किल का होना बच्चे की पर्सनालिटी को बेहतर बनाता है।

Read this inEnglish

अनुवादक: Anoop Singh

चित्र स्रोत: Shutterstock

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source