
... Read More
Written By: Pallavi | Updated : August 11, 2022 8:01 AM IST
उम्र बढ़ने के साथ बच्चों में बचपन का वो प्यार कम होने लगता है। ऐसे में माता-पिता की जिम्मेदारी होती है कि वे अपने बच्चों के बीच आपसी प्यार को बढ़ावा दें। इस रक्षाबंधन माता-पिता के लिए हमारे पास खास टिप्स है। दरअसल, अगर माता-पिता बच्चों के बीच समझ और प्यार को बढ़ावा देंगे तो, जब वे नहीं भी रहेंगे तो उनके बीच प्यार बना रहेगा। तो, आज हम हर माता-पिता के लिए कुछ टिप्स लाए हैं जिसकी मदद से वे अपने बेटे को एक बेहतर भाई बनने में मदद कर सकते हैं।
छोटी उम्र से ही बच्चों के बीच आपसी समझ के साथ एक दूसरे की बिना मांगे मदद करने की कला होनी चाहिए। दरअसल, आपको यह समझना होगा कि आपको अपने बेटों को बताना होगा कि वे अपनी बहन की बचपन से मदद करें। वो मदद मांगे या ना मांगे, वे पहले से ही स्थितियों को समझें और उनकी मदद करें। इससे उन पर उनके बहन का भरोसा बना रहेगा।
एक लड़की के लिए कहा जाता है कि उसका पिता उसका सबसे बड़ा सपोर्टर होता है। ऐसा ही कुछ भाई की भूमिका में भी होना चाहिए। दरअसल, एक भाई को बहन का एक बड़ा सपोर्टर होना चाहिए। इसके लिए भाई को समय पड़ने पर अपनी बहन की मदद करनी चाहिए, उसकी परेशानियों को दूर करना चाहिए और उसे हमेशा आगे बढ़ने और नया करने के लिए मोटिवेट करना चाहिए।
बहन की इज्जत करना, एक भाई को सबसे पहले सिखाना चाहिए। क्योंकि ये सिर्फ उसे आज के लिए ही बेहतर इंसान नहीं बनाएगा, बल्कि आगे जा कर वो दूसरी लड़कियों की भी इज्जत करेगा। ऐसे में अपने बेटे को बताएं कि वे अपने बहन की इज्जत करे और कभी उस पर गुस्सा ना करें। ना ही उस पर चिल्लाए और ना ही उसकी बेइज्जती करे।
कई बार माता-पिता खुद ही अपने लड़कों को ऐसे बड़ा करते हैं कि वे अपनी बहन और यहां तक कि मां की भी मदद नहीं करते हैं। ऐसे में आप अपने बेटे को बचपन से ही बनाएं कि वे घर के कामों को करना सीखे। खुद इन चीजों में शामिल हो और ध्यान रखे कि कोई भी काम उसकी बहन अकेले ना करे। वो अपनी बहन की हर काम में बराबरी से मदद करे।
कई बार माता-पिता अपने लड़कों की परवरिश ऐसे करते हैं कि वे एक भाई की तरह बड़े नहीं होते बल्कि एक लड़के की तरह बड़े होते हैं। ऐसी स्थिति में जरूरी ये है कि आप अपने बेटे की परवरिश करते समय दोनों को एक जैसी चीज ला कर दें। या फिर एक चीज दें और दोनों को शेयर करना बताएं। इस तरह अपने बेटे को बेहतर भाई बनने के लिए बचपन से अपनी चीजों को बहन के साथ शेयर करना बताएं।