
मुकेश शर्मा
मुकेश शर्मा दिल्ली यूनिर्विसिटी से जर्नलिज्म डिग्री होल्डर हैं और पिछले 8 साल से Health Journalism से जुड़े हुए ... Read More
Written By: Mukesh Sharma | Published : June 1, 2022 5:27 PM IST
हर पेरेंट्स का सपना होता है कि उनका एक अच्छा क्यूट सा बच्चा हो और जब उनका यह सपना पूरा हो जाता है, तो उस बच्चे के लिए वे हजारों सपने सजा कर रखते हैं। छोटे बच्चे की केयर में पेरेंट्स सब कुछ भूल जाते हैं और उनका दिन और रात बच्चे से ही शुरू होती है। हर माता-पिता बच्चे के पहली बार चलने को देखने के लिए तरस जाते हैं और लेकिन उनकी जल्दी से कुछ नहीं होता क्योंकि बच्चा तो अपने समय पर ही चलेगा। बच्चा आमतौर पर एक साल के बाद ही धीरे-धीरे चलना सीखने लगता है। लेकिन कई बार अनुमान से ज्यादा समय भी लग जाता है। अक्सर देखा जाता है कि कुछ बच्चे अन्य की तुलना में काफी देरी से चलना सीखते हैं, उसके पीछे दरअसल कई कारण हो सकते हैं और उनके बारे में जानना भी बेहद जरूरी होता है। चलिए जानते हैं बच्चे के देरी से चलना सीखने के क्या कारण हैं और ऐसे में उनकी कैसे मदद की जा सकती है -
अगर आपके बच्चा चलना सीखने में देरी कर रहा है, तो उसके पीछे कई कारण हो सकते हैं जैसे -
मौसम - जो बच्चे सर्दियों की शुरुआत में पैदा होते हैं, उनका चलना सीखने का समय अलगी सर्दियों में आता है। लेकिन सर्दियों के मौसम में माता पिता अक्सर बच्चे को कंबल व गर्म कपड़ों में ही रखते हैं, ताकि उसे ठंड न लग जाए। इस कारण से कई बार उन्हें चलना सीखने में गर्मियों तक का इंतजार करना पड़ जाता है।
बच्चा बीमार पड़ना - छोटे बच्चों का शरीर बेहद नाजुक होता है और ऐसे में वे कई बार जल्दी बीमार पड़ जाते हैं। बीमार बच्चे का शरीर कमजोर पड़ जाता है और ऐसे में उन्हें चलने में सामान्य से अधिक समय लगता है।
कोई अनुवांशिक समस्या - कई बार बच्चे किसी अनुवांशिक बीमारी या अन्य किसी जन्म दोष के साथ जन्म लेते हैं, जैसे घुटने में किसी प्रकार की कुरूपता या फ्लैट फुट आदि। ऐसी स्थितियों में बच्चा चलना सीखने में देरी कर सकता है।
घर का माहौल - कुछ घरों में बच्चे को बहुत अधिक गोद में रखा जाता है और इस कारण से बच्चे को चलना सीखने में देरी हो सकती है। ऐसा आमतौर पर जॉइंट फैमिली में होता है, जहां पर परिवार में अधिक सदस्य होने के कारण बच्चे के चलना सीखने का मौका नहीं मिलता है।
अगर आपको लगता है कि आपके बच्चे को चलना सीखने में सामान्य से अधिक समय लग रहा है, तो ऐसे में आप निम्न बातों का ध्यान रखकर उसकी मदद कर सकते हैं -
बच्चे के हाथ-पैरों पर करें मालिश - डॉक्टर की मदद से अच्छे तेल का चुनाव करें और उसके साथ बच्चे के हाथ व पैरों पर अच्छे से मालिश करें। ऐसा करने से बच्चे के शरीर में मांसपेशियां जल्दी विकसित होने में मदद मिलेगी। मालिश करने का सही तरीका भी आप डॉक्टर से पूछ सकते हैं।
रोज कराएं प्रैक्टिस - बच्चे को वॉकर से ज्यादा अपने हाथों से पकड़ कर चलने की प्रैक्टिस कराएं। अगर आप ऐसा रोज करते हैं, तो बच्चा भी धीरे-धीरे समझने लगेगा कि उसे क्या सिखाने की कोशिश की जा रही है और वह खुद सीखने की कोशिश करेगा।
खिलौने दिखाकर मोटिवेट करें - अगर आपका बच्चा धीरे-धीरे कदम उठाने लग गया है, तो उसे नए-नए खिलौने दिखाकर बुलाने की कोशिश करें। बच्चे अक्सर रंग-बिरंगे खिलौनों की तरफ काफी आकर्षित होते हैं और उनकी तरफ चलने की कोशिश करते हैं।