
किशोरी मिश्रा
किशोरी मिश्रा को डिजिटल मीडिया का लगभग 8+ वर्षों का व्यापक अनुभव है, जिसमें स्वास्थ्य (Health) और जीवनशैली ... Read More
Written By: Kishori Mishra | Updated : March 4, 2024 3:11 PM IST
World Obesity Day 2024 : आज के समय में लगभग हर व्यक्ति अपने बढ़ते मोटापे से परेशान हैं। लोगों में मोटापे की वजह से होने वाली समस्याओं के प्रति जागरुकता फैलाने के लिए पूरी दुनिया में हर साल 4 मार्च को वर्ल्ड ओबेसिटी डे ( world obesity day 2024) मनाया जाता है। ताकि लोगों में मोटापे के प्रति जागरुकता फैल सके। इसी को ध्यान में रखते हुए आज हम आपको बच्चों में बढ़ते मोटापे को कंट्रोल कैसे करें, इस विषय के बारे में बताएंगे।
बच्चों के बढ़ते मोटापे की वजह से माता-पिता अक्सर परेशान रहते हैं, क्योंकि इससे बच्चे के शारिरिक और मानसिक स्वास्थ्य पर नकारात्मक असर पड़ता है। मुख्य रूप से बच्चों में मोटापा बढ़ने का कारण फिजिकल एक्टिविटीज का कम होना, मोबाइल में दिनभर लगे रहना, अनहेल्दी चीजों का जरूरत से अधिक सेवन करना इत्यादि शामिल है। अगर आप चाहते हैं कि आपके बच्चे का मोटापा बिना वजह न बढ़े, तो इसके लिए आप कुछ आसान से टिप्स को अपना सकते हैं। इस विषय पर जानकारी के लिए हमने नोएडा स्थित मानस हॉस्पिटल की डायटीशियन कामिनी सिन्हा से बातचीत की है। आइए जानते हैं बच्चों में मोटापा कम करने के लिए लिए कौन से उपाय अपनाएं?
डायीशियन कामिनी सिन्हा का कहना है कि अगर आप चाहते हैं कि आपके बच्चे का मोटापा तेजी से न बढ़ें, तो इसके लिए सबसे पहले आप उनके आहार पर कंट्रोल करें। बच्चों को उसके उम्र के हिसाब से सही और पोषक तत्वों से भरपूर आहार दें। बच्चों को हेल्दी चीजें खिलाना काफी मुश्किल का काम होता है, ऐसे में उन्हें साबुत अनाज, हरी सब्जियों और दूध जैसी चीजों को अलग तरीके से बनाकर दें। ताकि वे इस तरह के आहार का सेवन कर सकें। कोशिश करें कि पूरे दिन में कम से कम 2 मौसमी फल दें और 1 तरह की हरी सब्जियां खिलाएं। इससे वजन काफी हद तक कम किया जा सकता है।
बच्चों के बढ़ते मोटापे को कंट्रोल करने के लिए उन्हें पर्याप्त मात्रा में नींद लेना बहुत ही जरूरी होता है। 7 से 8 घंटे की नींद वयस्कों के लिए जरूरी होती है, लेकिन बच्चों के लिए करीब 8 से 14 घंटे की नींद जरूरी होती है। इसलिए कोशिश करें कि जब आपका बच्चा स्कूल से आए, तो उन्हें खिलाने के बाद कुछ देर सोने के लिए कहें। साथ ही रात के समय जल्दी सुला दें। उनकी ये आदत उनके वेट लॉस में भी सहायक होती है।
बच्चों में बढ़ते मोटापे के कंट्रोल करने के लिए उनके शरीर को हाइड्रेट रखना बहुत ही जरूरी होता है। बच्चों के शरीर को हाइड्रेट रखने के लिए आप उन्हें पूरे दिन में कम से कम 8 से 10 गिलास पानी पिलाएं। अगर आपका बच्चा सादा पीना पीने से आना-कानी करता है, तो आप उन्हें नारियल पानी, फलों का जूस, नींबू पानी इत्यादि दे सकते हैं।
वजन को कंट्रोल करने के लिए आप अपने बच्चों के शरीर को एक्टिव रखने की कोशिश करें। इससे बच्चों का वजन भी कंट्रोल होता है। साथ ही कमजोर हड्डियों को भी मजबूती मिलती है। 5 से 6 वर्ष तक के बच्चों को आप नैचुरल तरीके से एक्टिव रख सकते हैं। वहीं, इससे अधिक उम्र के बच्चों को आप योग, मेडिटेशन इत्यादि के सहारे एक्टिव रख सकते हैं।
बच्चों के बढ़ते मोटापे का मुख्य कारण जंकफूड्स हो सकता है। इसलिए बच्चों को जंकफूड्स से दूर रखने की कोशिश करें। कोशिश करें कि बच्चों के पसंदीदा आहार को हेल्दी तरीके से घर पर ही बनाएं। इससे बच्चों में बाहर की चीजें खाने की लालसा कम होगी।
बच्चों के बढ़ते मोटापे को कंट्रोल करने के लिए आप इन टिप्स का सहारा ले सकते हैं। हालांकि, ध्यान रखें कि इन दिनों कुछ बीमारियों की वजह से भी मोटापा बढ़ रहा है, ऐसे में अगर आपके बच्चे का वजन बढ़ रहा है तो एक बार एक्सपर्ट की मदद जरूर लें।