बच्चों की आंखों में काजल लगाना चाहिए या नहीं, जानिए बच्चों के डॉक्टर की सलाह

Side Effects of Kajal in Baby Eyes In Hindi: अगर आप भी अपने बच्चे की आंखों में काजल लगाती हैं तो आपको थोड़ा सावधान होने की जरूरत है क्योंकि आंखों में काजल लगाने के नुकसान भी हैं। 

WrittenBy

Written By: Atul Modi | Published : January 10, 2023 8:08 PM IST

भारतीय समाज में मौजूद एक आम धारणा के अनुसार छोटे बच्चों को काजल लगाया जाता है ताकि उन्हें लोगों की बुरी नजर से बचाया जा सके। हालांकि बच्चों की आंखों में काजल (Kajal in Baby Eyes) लगाने का एक बड़ा कारण और भी है। लोगों में एक मान्यता यह भी है कि जिन बच्चों की आंखें छोटी होती हैं वह काजल लगाने पर बड़ी हो जाती है। यानी बच्चों की आंखें बड़ी करने के लिए काजल लगाया जाता है। मगर मेडिकल साइंस इस धारणा को सही नहीं मानता है। तमाम एक्सपर्ट और यहां तक कि बच्चों के डॉक्टर भी मानते हैं कि काजल लगाने से बच्चों की आंखों को नुकसान पहुंचता है। बच्चों की आंखों में काजल लगाना चाहिए या नहीं इसके बारे में एक्सपर्ट की क्या राय है? आइए जानते हैं।

बच्चे की आंखों में काजल लगाने के नुकसान - Side Effects of Kajal in Baby Eyes In Hindi

ड्राई आई की समस्या

बच्चों की आंखों में काजल लगाना चाहिए या नहीं इस बारे में बात करते हुए बाल रोग विशेषज्ञ डॉक्टर पार्थ सोनी कहते हैं कि, आंखों में मीबोमियम ग्लैंड (आंसू बनाने वाली ग्रंथि) होती है जो आंखों में काजल लगाने से ब्लॉक हो जाती है और बच्चों की आंखों में ठीक तरह से आंसू नहीं बन पाते हैं जिसके कारण बच्चों को ड्राई आई (Dry Eye) की समस्या हो जाती है।

आंखों से पानी निकलना

डॉ पार्थ के अनुसार, जब काजल को लगातार और बार बार लगाया जाता है तो नासोलैक्रिमल डक्ट भी ब्लॉक हो जाती है। नासोलैक्रिमल डक्ट का काम यह है कि जो आंख से आंसू बनते हैं उसका नाक से ड्रेनेज किया जाए। काजल लगाने से यह ड्रेनेज सिस्टम भी बिगड़ जाता है जिससे ड्रेनेज नहीं होता है और आंखों से पानी निकलता रहता है इससे बच्चों को वाटरिंग ऑफ आइज यानी आंखों से पानी निकलते रहने की समस्या हो सकती है।

एनीमिया और अन्य गंभीर समस्याएं

बाजार में मिलने वाले काजल में लेड अधिक मात्रा में पाया जाता है। जो लेड प्वाइजनिंग का कारण बनता है। इसके कारण बच्चों को एनीमिया, ब्रेन डैमेज और दौरे की समस्या हो सकती है। इसके अलावा काजल लगाते समय बच्चों को चोट लग सकती है और सूजन की समस्या हो सकती है। इसीलिए बच्चों की आंखों में काजल नहीं लगाना चाहिए।

क्या बच्चों की आंखों में घर का बना काजल लगा सकते हैं?

डॉक्टर पार्थ सोनी के अनुसार, होममेड काजल भी बच्चों की आंखों के लिए हानिकारक होता है क्योंकि इसमें भी कार्बन अधिक मात्रा में पाया जाता है। जो नौनिहालों की आंखों को नुकसान पहुंचा सकता है।

बच्चों को काजल कैसे लगाएं?

डॉक्टर सोनी कहते हैं कि आमतौर पर बच्चों को काजल लोगों की नजर से बचाने के लिए लगाया जाता है। ऐसे में आप काजल आंखों के बजाए सिर पर याद गले में लगा सकते हैं। डॉक्टर सोनी आगे कहते हैं कि, आंखों में काजल लगाने से आंखें बड़ी नहीं होती हैं। यह एक भ्रम है।

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source