
... Read More
Written By: Atul Modi | Published : June 9, 2022 7:15 PM IST
एक तरफ जहां कोरोनावायरस के मामलों में कमी देखने को मिल रही है तो वहीं दूसरे वायरस अपने पांव पसार रहे हैं। हम बात कर रहे हैं मंकीपॉक्स की। विश्व स्वास्थ संगठन की माने तो मंकीपॉक्स दुनिया के कई देशों में फैल चुका है, जिसको लेकर अलर्ट भी जारी किया गया है। मंकीपॉक्स को लेकर भारत सरकार ने भी राज्यों को सतर्क रहने के लिए कहा है, इसको आगे बढ़ाते हुए उत्तर प्रदेश में योगी सरकार ने भी दिशा-निर्देश जारी किए हैं। देश और प्रदेश में भले ही मंकीपॉक्स के एक भी मामले सामने नहीं आए हैं, मगर फिर भी सतर्कता बरतने की सूचना जारी कर दी गई है। उत्तर प्रदेश में पीएचसी-सीएचसी सेंटर के प्रभारियों को सतर्क रहने और मरीज के मिलने की सूचना तुरंत देने के निर्देश दिए गए हैं। प्रदेश के राजकीय मेडिकल कॉलेज में 10 बेड का वार्ड बनाने के भी आदेश जारी किए गए हैं, ताकि मरीजों को तत्काल प्रभाव से भर्ती कर उनका इलाज किया जा सके।
बता दें कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विभिन्न देशों में मंकीपॉक्स संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए उत्तर प्रदेश में भी सावधानी बरतने के दिशा निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने सभी अधिकारियों को मंकीपॉक्स के लक्षण और उपचार आदि के बारे में भारत सरकार के दिशानिर्देशों को जानने और समझने के साथ जनता को जागरूक करने के लिए कहा है। योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा है कि संदिग्ध लक्षण वाले लोगों के खून की जांच कराएं। उन्होंने कहा कि मंकीपॉक्स का भले ही कोई के सामने नहीं आया है पर प्रदेश में स्वास्थ्य विभाग अपनी तैयारियां जारी रखें। मुख्यमंत्री के दिशा निर्देश के बाद स्वास्थ्य विभाग की ओर से राजकीय मेडिकल कॉलेज में 10 बेड का वार्ड भी बनाने का काम शुरू कर दिया गया है।
स्वास्थ्य विभाग ने मंकीपॉक्स और चिकन पॉक्स को लेकर स्वास्थ्य विभाग में अलर्ट जारी कर लक्षण एवं उपचार के लिए एडवाइजरी भी जारी की है। सरकारी और निजी अस्पताल में इलाज के लिए संदिग्ध मरीजों के सैंपल पुणे स्थित लैब भेजे जाएंगे।