
... Read More
Written By: Anshumala | Published : September 25, 2018 6:10 PM IST
स्वास्थ्य विभाग में फार्मासिस्ट की एक अहम भूमिका होती है। © Shutterstock
आज यानी 25 सितंबर को पूरी दुनिया में ''वर्ल्ड फार्मासिस्ट डे'' मनाया जा रहा है। फार्मासिस्ट डे दुनिया भर के उन फार्मासिस्ट्स को समर्पित होता है, जो आज सेहत के क्षेत्र में विशेष भूमिका निभाने के साथ-साथ अपना खास योगदान भी दे रहे हैं। हम सभी स्वस्थ रहते हैं, इसके पीछे इन्हीं फार्मासिस्ट का खास योगदान होता है। क्या आप जानते हैं कि कब से शुरू हुआ वर्ल्ड फार्मासिस्ट डे मनाने का यह सिलसिला? आखिर किस उद्देश्य से यह मनाया जाने लगा? नहीं जानते, तो हम आपको बताते हैं।
2009 से मनाया जाने लगा यह दिन
स्वास्थ्य विभाग में फार्मासिस्ट की एक अहम भूमिका होती है। फार्मासिस्ट को केमिस्ट भी कहते हैं। स्वास्थ्य विभाग में सुधार करने, स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने में ये अहम भूमिका निभाते हैं। इसी वजह से इनके इस विशेष योगदान को दुनिया भर में सम्मान देने के लिए 25 सितंबर की तारीख चुनी गई वर्ल्ड फार्मासिस्ट डे मनाने के लिए।। इसकी शुरुआत 2009 में अंतरराष्ट्रीय फार्मास्युटिकल फेडरेशन (एफआईपी) कांग्रेस द्वारा इस्तांबुल में हुई थी। 25 सितंबर का दिन इसलिए चुना गया था क्योंकि इसी तारीख को अंतरराष्ट्रीय फार्मास्युटिकल फेडरेशन (एफआईपी) की 1912 में स्थापना हुई थी। हर वर्ष एफआईपी के सदस्य विश्व फार्मासिस्ट दिवस में भाग लेकर फार्मासिस्ट की गतिविधियों के बारे में जागरूकता बढ़ाते हैं।
हर बार अलग थीम
फार्मासिस्ट जनता की सेवा के लिए हमेशा तत्पर रहते हैं। वर्ल्ड फार्मासिस्ट डे की खास बात यह है कि हर साल अंतरराष्ट्रीय फार्मास्युटिकल फेडरेशन इसकी एक थीम तय करता है। इस वर्ष का थीम ''अध्ययन से हेल्थ केयर तक: आपका फार्मासिस्ट आपकी सेवा में तत्पर'' है। इस वर्ल्ड फार्मासिस्ट डे पर फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया (पीसीआई) भी बढ़चढ़ कर हिस्सा लेती है। पीसीआई के साथ-साथ देश के कई फार्मेसी कॉलेजों में भी वर्ल्ड फार्मासिस्ट डे विशेष रूप से सेलिब्रेट किया जाता है।