यूपी के बाद बिहार में तेजी से बच्चों में फैल रहा वायरल फीवर! डॉक्टरों ने कहा, हो सकता है कोरोना का नया रूप
Viral fever increased in Bihar: बिहार में बच्चे वायरल बुखार की चपेट में हैं और सभी बड़े अस्पतालों के पीडियाट्रिक इंटेंसिव केयर यूनिट (पीआईसीयू) वार्ड तेजी से भर रहे हैं। इन अस्पतालों के डॉक्टरों को डर है कि वायरल फीवर कोरोनावायरस का नया रूप हो सकता है।
Viral fever increased in Bihar: उत्तर प्रदेश के बाद अब बिहार में वायरल बुखार (Viral Fever) तेजी से फैल रहा है। यहां भी बच्चे अधिक प्रभावित हो रहे हैं। बिहार के कई बड़े हॉस्पिटल के पीडियाट्रिक इंटेंसिव केयर यूनिट वार्ड तेजी से भर रहे हैं। इन हॉस्पिटल्स के डॉक्टर्स का मानना है कि यह वायरल फीवर कोरोनावायरस का नया रूप भी हो सकता है। हालांकि, भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICMR) ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है।
बिहार के कई हॉस्पिटल्स 80 % फुल
वायरल बुखार इतनी तेजी से बच्चों को अपना शिकार बना रहा है कि बिहार के कई बड़े हॉस्पिटल्स जैसे पीएमसीएच, पटना एम्स, एसकेएमसीएच मुजफ्फरपुर, एनएमसीएच, इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान, भागलपुर मेडिकल कॉलेज सहित कई अन्य हॉस्पिटल्स में बच्चों के वार्ड 80 प्रतिशत तक भर गए हैं।
4 दिनों में 3 बच्चों की मौत
सारण के अमनौर प्रखंड के तरपुर गांव में पिछले 4 दिनों में 3 बच्चों की मौत हुई है। सूत्रों के अनुसार, तरपुर गांव के करीब 70 बच्चों को वायरल फीवर (Viral Fever)और सांस लेने में तकलीफ की समस्या (Breathing problem in kids) देखी गई है। फिलहाल, इस गांव में मेडिकल की एक टीम कैंप कर रही है।
गोपालगंज जिले में चमकी बुखार के दिखे लक्षण
गोपालगंज जिले में 1 बच्चे की मौत होने की बात सामने आई है। डॉक्टर्स का कहना है कि बच्चों में इन्सेफलाइटिस (चमकी) बुखार के लक्षण दिखाए दिए हैं। वायरल बुखार के बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने सभी मेडिकल स्टाफ की छुट्टी कैंसिल कर दी है। राज्य सरकार हाई अलर्ट पर है। भागलपुर मेडिकल कॉलेज और हॉस्पिटल में पीआईसीयू वार्ड में 70 बेड हैं, जिनमें से 50 भरे हुए हैं। एनएमसीएच में 136 बेड पीआईसीयू वार्ड में से 85 पर कब्जा है। गोपालगंज, पश्चिमी चंपारण, सीतामढ़ी, पूर्वी चंपारण, सीवान के मरीज बड़ी संख्या में भर्ती थे।