Uttarakhand Char Dham Yatra: कुंभ के बाद चारधाम यात्रा भी रद्द, जानिए उत्‍तराखंड में कितनी खतरनाक है कोरोना की स्थिति

सरकार का ऐसा मानना है कि यदि कोरोना के बीच चार धाम यात्रा को जारी रखा गया तो लोग भारी संख्‍या में कोरोना संक्रमित हो सकते हैं। ऐसे में गुरुवार को राज्य के मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने कहा कि चारधाम यात्रा (Uttarakhand Char Dham Yatra) को स्थगित कर दिया गया है।

WrittenBy

Written By: Rashmi Upadhyay | Published : April 29, 2021 4:24 PM IST

कोरोना के प्रकोप से देवभूमि उत्‍तराखंड भी अछूती नहीं है। राज्‍य में कोरोना के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। जिसके चलते पहले कुंभ को बीच में ही रोकना पड़ा और चार धाम यात्रा (Uttarakhand Char Dham Yatra) को रद्द कर दिया गया है। हालांकि चारों धाम के कपाट निर्धारित समय पर खुलेंगे। तीर्थ-पुरोहित मंदिरों में नियमित रूप से पूजा-पाठ करेंगे लेकिन श्रद्धालुओं की सुरक्षा के मद्देनजर चारधाम यात्रा को स्थगित रखने का निर्णय लिया गया है। सरकार का ऐसा मानना है कि यदि कोरोना के बीच चार धाम यात्रा को जारी रखा गया तो लोग भारी संख्‍या में कोरोना संक्रमित हो सकते हैं। ऐसे में गुरुवार को राज्य के मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने कहा कि चारधाम यात्रा (Uttarakhand Char Dham Yatra) को स्थगित कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि चार धामों में केवल तीर्थ पुरोहितों को ही नियमित पूजा पाठ की अनुमति होगी। चारधाम यात्रा के लिए किसी को भी अनुमति नहीं होगी, केवल तीर्थ-पुरोहित ही पूजा करेंगे।

आम लोगों के लिए बंद हुई यात्रा

चार धाम की यात्रा आम लोगों के लिए अस्‍थाई रूप से बंद हो गई है। ऐसे में स्थानीय जिले के निवासी भी मंदिरों में पूजा-पाठ के लिए नहीं जा सकेंगे। मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत (Tirath Singh Rawat) ने कहा कि नियमित समय पर ही चारधाम के पट खुलेंगे और तीर्थ-पुरोहित ही पूजा करेंगे। लेकिन आम लोगों के लिए चारधाम यात्रा अभी बंद है। पूरे देश में इस समय कोरोना के मामले बढ़ रहे हैं। उत्तराखण्ड में भी लगातार कोविड के मामलों में बढ़ोतरी हो रही है। इसी क्रम में तय हुआ है कि अभी चारधाम यात्रा को स्थगित रखा जाए।उत्तराखंड सरकार के मुताबिक लोगों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता में शामिल है। राज्य सरकार की ओर से कोविड-19 से लड़ाई में हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।

उत्तराखंड में 24 घंटे में आए 6054 नए मामले

देश के अन्य हिस्सों की तरह उत्तराखंड में भी कोविड-19 मामलों में जबरदस्त वृद्धि हुई है और बुधवार को भी उत्तराखंड में रिकॉर्ड 6054 मरीजों में संक्रमण की पुष्टि हुई, जबकि 108 लोगों ने महामारी से अपनी जान गंवा दी। वहीं, देशभर में तेजी से फैल रहे कोरोना वायरस से बीते 24 घंटे में रिकॉर्ड 36 सौ से अधिक मौत हुई हैं। इसी दौरान देशभर में कोरोना के 3.79 लाख से अधिक मामले सामने आए हैं। कोरोना के कारण देश भर में अभी तक दो लाख से अधिक व्यक्तियों की मौत हो चुकी है। यह लगातार आठवां दिन है जबकि 24 घंटे में देशभर के अंदर कोरोना के तीन लाख से ज्यादा मामले सामने आए हैं।

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source