अमेरिका में पहली बार बच्चों में सामने आया मंकीपॉक्स का मामला, दुनिया में तेजी से बढ़ रहा है इसका खतरा

Monkeypox in kids: अमेरिका में पहली बार मंकीपॉक्स बच्चों में पाया गया है, जिनमें एक बच्चा और दूसरा नवजात है। अमेरिका के रोग नियंत्रण और रोकथाम केंद्र के अनुसार दोनों बच्चों की हालत ठीक है और उनका इलाज चल रहा है।

WrittenBy

Written By: Mukesh Sharma | Published : July 23, 2022 11:47 AM IST

पूरी तरह से सख्ती बरतने के बाद भी दुनिया में मंकीपॉक्स अपने पैर पसार रहा है, जिसको लेकर सभी देशों की स्वास्थ्य विभाग अलर्ट पर है। भारत समेत कई देशों में मंकीपॉक्स के मामलों को पकड़ने के लिए जांच अभियान शुरु कर दिए हैं। लेकिन इसी बीच अमेरिका की तरफ से मंकीपॉक्स को लेकर एक और बुरी खबर सामने आ रही है। वहां पर पहली बार बच्चों में मंकीपॉक्स के मामले पाए गए हैं। खबरों के मुताबिक अमेरिका में दो बच्चों में मंकीपॉक्स पाया गया है, जिनमें से एक नवजात शिशु है। हालांकि, ये दोनों बच्चे अमेरिका के निवासी नहीं हैं। अमेरिका के सेंटर ऑफ डिजीज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन (सीडीसी) के बयान के अनुसार बच्चों में पाए गए मंकीपॉक्स के ये दोनों मामले घरेलू संक्रमण के कारण ही हुए हैं। खबरों के मुताबिक अभी दोनों बच्चों का स्वास्थ्य ठीक है और उनका इलाज चल रहा है।

अमेरिका में पुरुष ज्यादा प्रभावित

रिपोर्ट्स के अनुसार अमेरिका में मिले 2891 मरीजों में लगभग 99 फीसद वे पुरुष हैं, जो पुरुषों के साथ यौन संबंध रखते हैं। काफी कम संख्या में महिलाएं व ट्रांसजेंडर में मंकीपॉक्स के मामले पाए गए हैं। हालांकि, अभी तक एक्सपर्ट्स इस बात की पुष्टि नहीं कर पाए हैं, कि मंकीपॉक्स किन समुदायों में तेजी से फैल रहा है

दुनियाभर में 13 हजार से अधिक मामले

दुनियाभर में मंकीपॉक्स के प्रसार की बात करें तो अब तक यह 65 देशों में फैल चुका है और जिनमें लगभग 13000 मामले मिल चुके हैं। बढ़ते मामलों को देखते हुए लोगों के मन में कोविड 19 महामारी की तरह मंकीपॉक्स फैलने का डर बैठ गया है। हालांकि, एक्सपर्ट्स का मानना है कि मंकीपॉक्स के इस स्तर पर फैलने की आशंका काफी कम है।

भारत में मिल चुके हैं 3 मामले

भारत में मंकीपॉक्स की स्थिति की बात करें तो अब तक इसके तीन मामले सामने आ चुके हैं। ये तीनों मामले केरल में ही पाए गए हैं और तीसरा मामला यूएई से लौटे एक व्यक्ति में मिला है। केरल की स्वास्थ्य मंत्री वीणा जॉर्ज के अनुसार संक्रमित व्यक्ति कों के संपर्क में रहने वाले लोगों के स्वास्थ्य पर भी कड़ी नजर रखी जा रही है।