शहरों में रहने वाले 60 फीसदी लोग हैं Brittle bone disease से परेशान

शहरों में लोग हो रहे हैं हड्डियों की ‘‘खामोश बीमारी’’ के शिकार

WrittenBy

Written By: Sadhna Tiwari | Updated : March 29, 2018 1:12 PM IST

भारत में शहरी इलाके के लोगों में ऑस्टियोपोरोसिस के कारण होने वाले फ्रैक्चर के जोखिम को लेकर देश की राजधानी में किये गए एक अध्ययन में से पाया गया कि शहरों में रहने वाले लोगों में ऑस्टियोपोरोसिस की दर अधिक है। आर्थराइटिस केयर फाउंडेषन (एसीएफ) के सहयोग से इंद्रप्रस्थ अपोलो अस्पताल के आर्थोपेडिक विभाग की ओर से 38 से 68 साल के पुरुषों और महिलाओं पर किये इस अध्ययन से पता चला है कि करीब 9 प्रतिशत लोग ऑस्टियोपोरोसिस से और 60 प्रतिशत लोग ऑस्टियोपेनिया से पीड़ित हैं।

ऑस्टियोपेनिया और ऑस्टियोपोरोसिस हड्डियों की बीमारी है। ऑस्टियोपोरोसिस में हड्डियां इतनी कमजोर और भंगुर हो जाती हैं कि गिरने से, झुकने या छींकने-खांसने पर भी हड्डियों में फ्रैक्चर हो सकता है। ऑस्टियोपोरोसिस के कारण होने वाले फ्रैक्चर सबसे अधिक कुल्हे, कलाई या रीढ़ की हड्डी में सबसे ज्यादा होते हैं। ऑस्टियोपोरोसिस को ‘खामोश बीमारी’ भी कहा जाता है क्योंकि इस बीमारी में जब तक फ्रैक्चर नहीं होता है तब तक इसका पता नहीं चलता है। ऑस्टियोपोरोसिस के कारण दुनिया भर में हर साल लगभग 90 लाख फ्रैक्चर होते हैं। ओस्टियोपोरोसिस की पूर्व स्थिति को ऑस्टियोपेनिया कहा जाता है जिसमें हड्डियां कमजोर हो जाती हैं लेकिन यह ऑस्टियोपोरोसिस जितनी गंभीर नहीं होती है।

भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिशद (आईसीएमआर) की ओर से प्रकाशित होने वाले जर्नल इंडियन जर्नल ऑफ मेडिकल रिसर्च (आईजेएमआर) के नवीनतम मार्च (2018) संस्करण में प्रकाशित इस अध्ययन की रिपोर्ट के अनुसार यह सर्वेक्षण नई दिल्ली में सुखदेव विहार, सरिता विहार, कालकाजी, ईस्ट ऑफ कैलाश और मयूर विहार जैसे इलाकों में रहने वाले लोगों के बीच किया गया।

यह सर्वेक्षण नयी दिल्ली स्थित संगठन आर्थराइटिस केयर फाउंडेशन के अध्यक्ष और इंद्रप्रस्थ अपोलो अस्पताल, नई दिल्ली के वरिष्ठ आर्थोपेडिक सर्जन डॉ. (प्रोफेसर) राजू वैश्य के मार्गदर्शन में डॉ. विपुल विजय, डॉ. अमित के. अग्रवाल और डॉ. प्रशांत माहेश्वरी ने किया। डॉ. राजू वैश्य के अनुसार, इस अध्ययन में शहरी आबादी में ऑस्टियोपेनिया और ऑस्टियोपोरोसिस के मामले बहुत अधिक पाये गये। इस मौजूदा अध्ययन में सेक्स, माता-पिता में फ्रैक्चर का इतिहास और सेकंडरी ऑस्टियोपोरोसिस में महत्वपूर्ण संबंध पाया गया जबकि अल्कोहल और स्टेरॉयड सेवन का कम टी-स्कोर के साथ काफी महत्वपूर्ण संबंध नहीं पाया गया।

डॉ. राजू वैश्य ने कहा कि हड्डियों के घनत्व के कम होने के कारण भविष्य में हड्डियां कमजोर और भंगुर हो जाती हैं और बुजुर्गों की बढ़ती आबादी के कारण भी इसके मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। इसका गंभीर सामाजिक-आर्थिक दबाव भी पड़ सकता है। इस अध्ययन में, शहरी भारतीय आबादी में ऑस्टियोपेनिया और ऑस्टियोपोरोसिस के मामले बहुत अधिक पाये गये।

इस अध्ययन के तहत एक गैर-सरकारी संस्था की सहायता से कम्युनिटी आउटरीच प्रोग्राम का आयोजन किया गया। इस अध्ययन के लिए मध्य और पूर्वी दिल्ली में कुल चौदह शिविर आयोजित किए गए और शिविर में आने वाले हर तीसरे व्यक्ति को इस अध्ययन में शामिल किया गया। इस अध्ययन में सुखदेव विहार, ईश्वर नगर, सरिता विहार, जसोला, कालकाजी, ईस्ट ऑफ कैलाश, न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी, महारानी बाग, लाजपत नगर, निजामुद्दीन और मयूर विहार को शामिल किया गया। इस अध्ययन में शामिल अधिकतर लोग मध्यम और उच्च वर्ग के थे।

डॉ. राजू वैश्य ने कहा कि इस अध्ययन के तहत ऑस्टियोपोरोसिस के खतरा वाले लोगों की पहचान की गई। अच्छी बात यह है कि उचित उपचार से ऑस्टियोपोरोसिस फ्रैक्चर के कारण लंबे समय तक होने वाली मार्बिडिटी को रोका जा सकता है। लेकिन दुर्भाग्य से, अधिकतर लोगों को ऑस्टियोपोरोसिस से संबंधित गंभीर जटिलताओं के बारे में काफी हद तक जानकारी नहीं है। यहां तक कि बड़े पैमाने पर क्रॉस-सेक्शनल अध्ययन के अभाव में, हिप फ्रैक्चर (एचएफ) सामान्य माना जाता है लेकिन अब ओस्टियोपोरोटिक एचएफ के मामले कम उम्र, लगभग 50-60 साल की उम्र में भी होने लगे हैं।

स्रोत: Press Release.

चित्रस्रोत: Shutterstock.

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source