भारत में मिले मंकीपॉक्स A.2 स्ट्रेन के 2 मामले, जानें क्या है A.2 स्ट्रेन और कितना गम्भीर है यह

मिली जानकारी के मुताबिक ये दोनों मामले यूएई (UAE) से लौटने वाले दो यात्रियों में पाए गए हैं। जिनके सैम्पल का विश्लेषण करने के बाद इसकी पुष्टि की गयी।

WrittenBy

Written By: Sadhna Tiwari | Updated : August 8, 2022 12:58 PM IST

Monkeypox Strain A.2 Case: भारत में मंकीपॉक्स वायरस के ए.2 स्ट्रेन के 2 मामले मिले हैं। पुणे स्थित आईसीएमआर- एनआईवी (ICMR-NIV) की लैब की रिपोर्ट्स से इन दोनों मामलों की पुष्टि की गयी है। मिली जानकारी के मुताबिक ये दोनों मामले यूएई (UAE) से लौटने वाले दो यात्रियों में पाए गए हैं। जिनके सैम्पल का विश्लेषण करने के बाद इसकी पुष्टि की गयी। इस विश्लेषण से पता चला है कि दोनों केस में लोग मंकीपॉक्स वायरस (Monkeypox Virus) के स्ट्रेन A.2 से संक्रमित थे। यह स्ट्रेन मंकीपॉक्स के hMPXV-1A क्लैड-3 से जुड़े हुए हैं।

क्या है A.2 स्ट्रेन ?

भारत में पाया गया A.2 स्ट्रेन hMPXV-1A क्लैड 3 से संबंधित वायरस है। एनआईवी की रिपोर्ट के अनुसार भारत में पाए गए दोनों संक्रमितों में संक्रमण की वजह सेक्सुअल कॉन्टैक्ट नहीं है। बता दें कि, मंकीपॉक्स वायरस के 2 मुख्य समूह हैं जिन्हें क्लैड कहा जा रहा है। पहला क्लैड पश्चिमी अफ्रीका क्षेत्र से जुड़ा हुआ है जबकि, दूसरा मध्य अफ्रीका या कॉन्गो बेसिन क्षेत्र से। कॉन्गो बेसिन क्लैड के बारे में कहा गया है कि इसके स्ट्रेन गम्भीर बीमारी की वजह बन रहे हैं और इनमें मरीजों की मृत्यु की आशंका 11 प्रतिशत अधिक है। जबकि, मरीजों से संक्रमण का रिस्क भी इस स्ट्रेन के साथ अधिक देखा जा रहा है।

जानकारों के अनुसार, इस स्ट्रेन से संक्रमित लोगों मं 5-13 दिनों में लक्षण दिखायी दे सकते हैं। इन लक्षणों में सिरदर्द, लिम्फ नॉड्स में सूजन और मांसपेशियों में दर्द जैसी समस्याएं दिख सकती हैं। (symptoms in Monkeypox A.2 strain)

भारत में मंकीपॉक्स के 9 मामले

अब भारत में मंकीपॉक्स के कुल 9 मामले पाए जा चुके हैं। जिनमें से ताजा मामला राजधानी दिल्ली में पाया गया। यहां एक 31 वर्ष की नाइजीरियाई निवासी महिला में मंकीपॉक्स के लक्षण देखने को मिले। बता दें कि यह महिला मंकीपॉक्स वायरस से संक्रमित होने वाली पहली महिला मरीज है। इलाज के लिए संक्रमित को दिल्ली के लोक नायक अस्पताल में भर्ती करा दिया गया था। वहीं, यह भी जानकारी मिली है कि अन्य 3 मरीजों की तरह इस महिला का भी विदेश यात्रा का कोई पिछला रिकॉर्ड नहीं है।

मंकीपॉक्स का पहला मरीज हो चुका है पूरी तरह ठीक

बता दें कि मंकीपॉक्स से संक्रमित होने वाले देश के पहले मरीज को सप्ताहभर पहले ही छुट्टी दे दी गयी थी। वह मरीज भी दिल्ली के एलएनजेपी अस्पताल में ही भर्ती था। देश में अब तक मंकीपॉक्स के जिन कुल 9 मामलों की पुष्टि की गयी है उनमें से,

  •  4 केसेस राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से हैं।
  • 5 मामले केरल राज्य से हैं।

बता दें कि मंकीपॉक्स वायरस को विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) द्वारा हाल ही में ग्लोबल हेल्थ इमरजेंसी घोषित किया गया है। यह बीमारी अब तक 75 से अधिक देशों में फैल चुकी है और इसके कुल  25 हजार से अधिक मामलों की पुष्टि की जा चुकी है।

मंकीपॉक्स के प्रसार को रोकने के लिए गाइडलाइंस जारी

वहीं, भारत के केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा बीते सप्ताह कुछ गाइडलाइंस भी जारी की गयीं थीं जिनके अनुसार, मंकीपॉक्स संक्रमण से बचने के लिए

  • हैंड सैनिटाइजर का इस्तेमाल किया जाना चाहिए।
  • साबुन-पानी से बार-बार हाथ धोना चाहिए।
  • संक्रमित व्यक्ति को मुंह को मास्क से कवर करना चाहिए।
  • संक्रमित लोगों को अपना तौलिया, बिस्तर, कपड़े और बर्तन अलग रखने चाहिए।
Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source