
आशु कुमार दास
आशु कुमार दास एक अनुभवी हेल्थ कंटेंट स्पेशलिस्ट हैं। इन्हें हेल्थ कंटेंट राइटर के तौर पर काम करते हुए 6 ... Read More
Written By: Ashu Kumar Das | Published : May 15, 2026 10:42 AM IST
सांकेतिक तस्वीर
जम्मू कश्मीर के पुलवामा इलाके में संदिग्ध रेबीज संक्रमित गोमांस को लेकर स्वास्थ्य विभाग और स्थानीय प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पुलवामा जिले के परिगाम गांव में कथित तौर पर एक संदिग्ध रेबीज से संक्रमित गोमांस बेचा जा रहा था। इस घटनाक्रम के सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने तुरंत एक्शन लेते हुए हेल्थ एडवाइजरी और एहतियाती मेडिकल मदद जारी कर दी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जानवर का व्यवहार असामान्य था और उसमें रेबीज जैसे लक्षण दिखाई दे रहे थे। इसके बाद जानवर की मौत हो गई। आरोप है कि मौत के बाद कुछ लोगों ने उस गोवंश के मांस को काटकर इस्तेमाल किया, जिसके बाद यह मामला स्वास्थ्य विभाग तक पहुंचा। मामले की जानकारी मिलते ही पशुपालन विभाग, स्वास्थ्य विभाग और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने गांव के कई लोगों से पूछताछ की और उन लोगों की पहचान करने की कोशिश की जो रेबीज संक्रमित जानवर के संपर्क में आए थे या जिन्होंने मांस का सेवन किया हो सकता है। स्वास्थ्य विभाग ने ऐसे लोगों की मेडिकल जांच शुरू कर दी है।
रेबीज संक्रमित मीट खाने से कई प्रकार की बीमारियां हो सकती हैं।
स्थानीय मीडिया से बातचीत के दौरान स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने कहा कि फिलहाल उन्हें इस बात की पुष्टि नहीं हो पाई है कि जानवर सच में रेबीज से संक्रमित था या नहीं। जो लोग रेबीज संक्रमित जानवर के संपर्क में आए थे या जिन्होंने संक्रमित जानवर के मीट को खाया होगा उनके मेडिकल सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। फिलहाल पुलवामा में किसी भी संभावित खतरे को देखते हुए प्रशासन कोई जोखिम नहीं लेना चाहता है। यही कारण है कि संदिग्ध संपर्क में आए लोगों को एंटी-रेबीज वैक्सीन और जरूरी दवाएं दी जा रही हैं।
स्थानीय प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी बीमार या असामान्य व्यवहार करने वाले जानवर से दूरी बनाए रखें। यदि किसी जानवर में रेबीज जैसे लक्षण दिखाई दें तो तुरंत पशु चिकित्सा विभाग को सूचना दें। साथ ही लोगों को यह भी सलाह दी गई है कि बिना जांच के किसी मृत जानवर के मांस का इस्तेमाल न करें।
स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन की ओर से जारी एडवाइजरी में लोगों से घबराने के बजाय सतर्क रहने की अपील की गई है। अधिकारियों ने कहा है कि जिन लोगों ने संदिग्ध गोवंश के मांस को छुआ, काटा, पकाया या खाया है, वे तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र जाकर जांच कराएं और एंटी-रेबीज वैक्सीन लगवाएं।
Disclaimer: इस आर्टिकल में दी गई जानकारी केवल आपकी जागरुकता के लिए हैं। अगर आपको कोई खास लक्षण महसूस हो तो परेशान न हो, समय पर डॉक्टर को दिखाकर जांच कराएं।