
Also Read
70% अधिक तेजी से फैलता है SARS-CoV-2, अमेरिका के बाद भारत में हैं इस वेरिएंट के सबसे ज्यादा मामले
भारत में SARS-CoV-2 की चाल काफी तेज दिख रही है। ब्रिटेन से आया कोरोना वायरस का नया स्ट्रेन बहुत तेजी से लोगों को अपनी चपेट में ले रहा है। आपको बता दें कि भारत मे अब तक ब्रिटेन से आए 20 लोग इस नए वेरिएंट से संक्रमित पाए गए हैं। सिर्फ यही नहीं हैरानी की बात यह है कि दिल्ली में ही करीब 200 लोग ऐसे हैं जिन्हें SARS-CoV-2 के कारण क्वारंटीन किया गया है। इन लोगों को दिल्ली हवाईअड्डे स्थित एक होटल और छतरपुर स्थित संस्थागत क्वारंटीन में रखा गया है। जबकि नए स्ट्रेन की जांच में मिले संक्रमित मरीजों को दिल्ली सरकार ने एलएनजेपी अस्पताल में आइसोलेशन में रखा है।
नए स्ट्रेन को लेकर बताया जा रहा है कि यह 70 फीसदी अधिक तेजी से फैलता है। वहीं कोरोना का नया स्ट्रेन सबसे पहले ब्रिटेन में कुछ दिन पहले ही मिले थे। ब्रिटेन के अलावा वायरस का नया स्वरूप डेनमार्क, हॉलैंड, ऑस्ट्रेलिया, इटली, स्वीडन, फ्रांस, स्पेन, स्विट्जरलैंड, जर्मनी, कनाडा, जापान, लेबनान और सिंगापुर में भी पाया गया है। नए वेरिएंट के दर्ज हुए मामलों में अमेरिका के बाद भारत दूसरे स्थान पर है।
दिल्ली हवाईअड्डे स्थित होटल में क्वारंटीन के तहत 80 से अधिक लोगों को रखा गया है और ये लोग इस क्वारंटीन सुविधा का सरकारी नियमों के तहत भुगतान कर रहे हैं। वहीं छतरपुर स्थित संस्थागत क्वारंटीन सेंटर में 100 से अधिक लोग हैं। हालांकि ये संख्या हर दिन ऊपर नीचे होती रहती है। नए स्ट्रेन से 20 संक्रमितों में से सबसे ज्यादा 9 संक्रमित दिल्ली की लैबों में पाए गए हैं। इनके सह-यात्रियों, पारिवारिक संपर्कों और दूसरे लोगों के लिए बड़े स्तर पर कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग शुरू की गई है। होटल का एक हिस्सा पूरी तरह क्वारंटीन हुए लोगों के लिए कर दिया है। वहीं कोविड-19 प्रोटोकॉल का पूरी तरह से पालन किया जा रहा है। होटल स्टाफ को पूरी तरह मास्क और हाथों में ग्लव्स पहनना अनिवार्य है। होटल के बाहर दिल्ली पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।
स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से मंगलवार को आए बयान में कहा गया था कि ब्रिटेन से आए 6 यात्री SARS-CoV-2 से संक्रमित पाए गए हैं। हालांकि बुधवार को यह संख्या 20 हो चुकी है क्योंकि आज ब्रिटेन से आए 14 नए यात्रियों में भी SARS-CoV-2 की पुष्टि हुई है।
SARS-CoV-2 के बढ़ते मामले देख भारत सरकार ने यूके से आने और जाने वाली फ्लाइट पर लगी रोक को 7 जनवरी, 2021 तक बढ़ा दिया है। दरअसल भारत सरकार ने ब्रिटेन में कोरोना वायरस का नया स्ट्रेन आने के बाद से ही विमान सेवा पर रोक लगा दी थी।