Russia Developing Vaccine for Omicron: ओमिक्रोन वेरिएंट के लिए रूस ने शुरू किया नयी वैक्सीन पर काम, स्पुतनिक के टीके को किया जाएगा संसोधित

रिपोर्ट्स के अनुसार रूस ने कोरोना वायरस के नये वेरिएंट के लिए एक नयी वैक्सीन विकसित करने का कार्य शुरू भी कर दिया है। 

WrittenBy

Written By: Sadhna Tiwari | Updated : November 30, 2021 12:40 PM IST

Russia Developing Vaccine for Omicron: ओमिक्रोन कोविड वेरिएंट ने दुनियाभर में लोगों की नींद उड़ा दी है। विश्व स्वास्थ्य संगठन ने जहां इस वेरिएंट को चिंताजनक बताया है वहीं, इस वेरिएंट के प्रसार को रोकने के लिए आनन-फानन में कई देशों ने यात्रा प्रतिबंध लगाने भी शुरू कर दिए हैं। ओमिक्रोन से लोगों को लगने वाले इस डर की वजह वैक्सीन्स के प्रभाव को लेकर  अनिश्चितता भी है। गौरतलब है कि दुनियाभर के वैज्ञानिकों का कहना है कि अभी यह नहीं कहा जा सकता कि मौजूदा समय में कोरोना वायरस संक्रमण से बचाव के लिए जिन वैक्सीन्स की मदद ली जा रही है वह, ओमिक्रोन और इसके म्यूटेशन्स के खिलाफ कितनी प्रभावी साबित होगी।

वहीं, इस बीच समाचार एजेंसियों की रिपोर्ट्स के अनुसार रूस ने कोरोना वायरस के नये वेरिएंट के लिए एक नयी वैक्सीन विकसित करने का कार्य शुरू भी कर दिया है।  समाचार एजेंसी आईएएनएस की खबर के अनुसार,  रूस के गामालेया नेशनल रिसर्च सेंटर ऑफ एपिडेमियोलॉजी एंड माइक्रोबायोलॉजी की तरफ से जानकारी दी गयी है कि उनके यहां कोविड-19 के ओमिक्रोन वेरिएंट को लक्षित करने के लिए अनुकूलित स्पुतनिक वैक्सीन के एक नये वर्जन को विकसित करने का कार्य शुरू कर दिया गया है। (Russia Developing Vaccine for Omicron In Hindi)

रूस में बन सकती है ओमिक्रोन के लिए नयी वैक्सीन

समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के मुताबिक, गामालेया ने सोमवार को अपने एक आधाकारिक बयान में यह जानकारी दी कि, सेंटर इस पर अध्ययन कर रहा है कि क्या रूस में बनी कोरोना वैक्सीन स्पुतनिक वी (Sputnik V) और स्पुतनिक लाइट (Sputnik Light)  ओमिक्रोन वेरिएंट के खिलाफ असरदार होंगे और क्या इनमें वायरस को निष्क्रिय करने की क्षमता है।

सेंटर की तरफ से यह भी कहा गया कि, अगर संशोधन की ज़रूरत पड़ती है, तो ओमिक्रोन वेरिएंट के लिए नयी स्पुतनिक वैक्सीन 45 दिनों बाद तैयार हो सकती है और इसका उत्पादन भी बड़े पैमाने पर किया जा सकता है। आईएएएनएस की रिपोर्ट में कहा गया है कि सेंटर की तरफ से उम्मीद जतायी गयी है कि, स्पुतनिक ओमिक्रोन बूस्टर शॉट्स की एक बड़ी मात्रा 2022 की शुरुआत में अंतर्राष्ट्रीय बाजारों में उपलब्ध करायी जा सकती है।

(आईएएनएस)