डिप्रेशन औऱ तनाव कम करने के लिए चीन का माहजोंग गेम कर सकता है मदद: सर्वे

रिसर्च टीम ने अवसाद के लक्षणों को देखा और इसकी तुलना सामाजिक भागीदारी से की, जिसमें दोस्तों के साथ जाना, माहजोंग खेलना, एक खेल या सामाजिक क्लब में भाग लेना और समुदाय की सेवा शामिल रही। इस दौरान उन्होंने पाया कि विभिन्न प्रकार की गतिविधियों में भाग लेना बेहतर मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ा हुआ है।

WrittenBy

Written By: Editorial Team | Updated : September 19, 2019 12:01 PM IST

चीन में माहजोंग खेल के जरिए मध्यम आयु वर्ग और वयस्कों में अवसाद के जोखिम को कम किया जा सकता है। एक नए शोध में यह दिलचस्प बात सामने आई है। जर्नल सोशल साइंस ऐंड मेडिसिन में प्रकाशित एक अध्ययन कहता है कि लोकप्रिय टाइल आधारित गेम माहजोंग कई प्रकार की सामाजिक भागीदारी में से एक है। इस गेम को नियमित रूप से खेलना चीन में मध्यम आयु वर्ग और वयस्कों में अवसाद की दरों को कम करता है।

अध्ययन से जुड़े जॉर्जिया विश्वविद्यालय के असोसिएट प्रफेसर एडम चेन का कहना है कि इस गेम से मानसिक स्वास्थ्य बेहतर हो सकता है। मानसिक स्वास्थ्य का सही न होना चीन में एक प्रमुख मुद्दा है। वैश्विक स्तर पर 17 फीसदी चीनी लोग मानसिक विकार से जूझ रहे हैं। रिसर्च टीम ने इस अध्ययन के लिए 45 वर्ष व इससे अधिक उम्र के लगभग 11 हजार चीनी निवासियों से संबंधित सर्वेक्षण के आंकड़ों का विश्लेषण किया।

रिसर्च टीम ने अवसाद के लक्षणों को देखा और इसकी तुलना सामाजिक भागीदारी से की, जिसमें दोस्तों के साथ जाना, माहजोंग खेलना, एक खेल या सामाजिक क्लब में भाग लेना और समुदाय की सेवा शामिल रही। इस दौरान उन्होंने पाया कि विभिन्न प्रकार की गतिविधियों में भाग लेना बेहतर मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ा हुआ है। विशेष रूप से शहरी लोग जो एक लोकप्रिय खेल माहजोंग खेला करते थे, उनमें उदासी महसूस करने की संभावना कम मिली।