
... Read More
Written By: Atul Modi | Updated : July 30, 2021 10:31 AM IST
कोविड-19 के बाद होने वाली जटिलताओं में हेयर लाॅस (Hair Loss) यानि बाल गिरने की समस्याएं सबसे ज़्यादा देखी जा रही है। महामारी की दूसरी लहर थम गई है, लेकिन इसके कारण हुई समस्याएं खत्म नहीं हुई हैं। कोविड से ठीक होने के बाद बहुत से लोग त्वचा की एलर्जी, रैश, आंखों में खुश्की, कमज़ोरी और थकान की शिकायत कर रहे हैं। एक और समस्या जो ज़्यादातर लोगों में देखी जा रही है, वह है बाल गिरने की समस्या। बहुत से लोगों के लिए बाल गिरना चिंता और भावनात्मक तनाव का कारण हो सकता है। ऐसा कोविड-19 से ठीक हुए मरीज़ों में वायरल रोग के कारण हुए तनाव और इन्फ्लामेटरी रिएक्शन के कारण हो रहा है। जिसके कारण बाल गिरने की समस्या तेज़ी से बढ़ रही है।
डाॅ शाहीन, सीनियर कन्सलटेन्ट, काॅस्मेटिक एवं प्लास्टिक सर्जरी, इन्द्रप्रस्थ अपोलो हाॅस्पिटल्स, नई दिल्ली ने कहा, ‘‘बाल गिरने की शिकायत करने वाले मरीज़ों की संख्या में दोगुना बढ़ोतरी हुई है। कोविड-19 के बाद इन्फ्लामेशन इसका मुख्य कारण है। कोविड-19 के बाद पोषण की कमी, अचानक वज़न में बदलाव, हाॅर्मोनल गड़बड़ी तथा विटामिन डी एवं बी12 की कमी इसके मुख्य कारण हैं।’’
डाॅ कुलदीप सिंह, सीनियर कन्सलटेन्ट काॅस्मेटोलोजी एवं प्लास्टिक सर्जरी, इन्द्रप्रस्थ अपोलो हाॅस्पिटल्स, नई दिल्ली ने कहा, ‘‘कोविड-19 के बाद बाल गिरने की समस्या स्वाभााविक है, यह एक स्थिति टेलोजन इफ्लुवियम के कारण होता है। जो कोविड-19 में हुए बुखार और अन्य लक्षणों के कारण हो सकता है। आमतौर पर एक व्यक्ति में रोज़ाना 100 बाल गिरते हैं, लेकिन टेलोजन इफ्लुवियम के कारण यह संख्या बढ़कर रोज़ाना 300-400 तक हो सकती है। इसलिए मरीज़ों को सलाह दी जाती है कि कोविड-19 से ठीक होने के बाद सेहतमंद आहार लें, जो विटामिन और आयरन से भरपूर हो। इसके दो कारण हैं, आयरन की कमी से बालों के गिरने की समस्या बढ़ती है, प्रोटीन से युक्त संतुलित आहार इस समस्या को हल कर सकता है। अगर अच्छा आहार लेने के 5-6 सप्ताह बाद भी बाल गिरना बंद न हों तो डाॅक्टर से संपर्क करें। इसके अलावा कुछ अन्य बातों का ध्यान भी रखें जैसे माइल्ड, पैराबेन एवं सल्फेट रहित शैम्पू का इस्तेमाल करें, देखें कि सिर की त्वचा पर खुजली या पपड़ी गिरने जैसे समस्या न हो, ज़्यादा तेल या मसाज न करें, चैड़े दांत वाले कंघी का इस्तेमाल करें, और अगर गंजेपन के पैच या बहुत ज़्यादा बाल गिर रहे हों तो तुरंत डाॅक्टर से संपर्क करें।’’
इसके अलावा तनाव न लें, मनन करें। ठीक होने में थोड़ा समय लगता है, सेहतमंद आहार लें, पोषक सप्लीमेंट्स ले सकते हैं, हेयरस्टाइलिंग के लिए हीट या कैमिकल्स का उपयोग न करें। गतिहीन जीवनशैली से बचें। अगर फिर भी बाल गिर रहे हों तो डाॅक्टर की सलाह लें।
Disclaimer: The content on TheHealthSite.com is only for informational purposes. It is not at all professional medical advice. Always consult your doctor or a healthcare specialist for any questions regarding your health or a medical condition.