
... Read More
Written By: Pallavi Kumari | Published : August 5, 2022 9:36 AM IST
पोलियो (Polio), का नाम सुनते ही दिमाग में बस दो बातें आती हैं। एक 'पोलियो मुक्त भारत' के लिए भारत सरकार के पुराने प्रचार (Ads) और दूसरा पोलियो ड्रॉप (Polio Drop), जिसे अपने यहां घर-घर महिलाएं बच्चों को पिलाने आती हैं। लेकिन, आपको यह जान कर हैरानी हो सकती है कि पोलियो की यही बीमारी अब वापसी कर रही है। दरअसल, अमेरिका के एक शहर न्यूयॉर्क में पोलियो वायरस के कम्युनिटी स्प्रेड यानी कि सामुदायिक रूप से फैल जाने की खबर सामने आई है। इसके लिए न्यूयॉर्क राज्य के स्वास्थ्य अधिकारियों ने अलर्ट जारी करते हुए कहा है कि पोलियो का खतरनाक वायरस संभावित तौर पर फैल गया है।
खबरों की मानें तो, यह वायरस न्यूयॉर्क शहर के पानी में फैल गया है। स्वास्थ्य अधिकारियों ने कहा कि पोलियो वायरस न्यूयॉर्क शहर के उत्तर में दो अलग-अलग वेस्ट वॉटर या कहें सीवेज के नमूनों में पाया गया है। एक्सपर्ट्स का मानना है कि ये पोलियो का खतरा न्यूयॉर्क में मौजूद है और आगे चल कर यह फैल सकता है। हालांकि, अब तक, केवल एक व्यक्ति का पोलियो टेस्ट पॉजिटिव आया है। दरअसल, इस व्यक्ति को पोलियो के कारण लकवा मार दिया है।
पोलियो से बचाव के लिए अब न्यूयॉर्क शहर के बच्चों और व्यस्कों में पोलियो के टीकाकरण को तेज कर दिया है। साथ ही एक्सपर्ट लोगों को इस बीमारी के बारे में जानकारी भी दे रहे हैं और बता रहे हैं कि ये वायरस लोगों को लकवा कर देता है, जिसका इलाज ना के बराबर ही है। इसलिए पोलियो का टीका अपने बच्चों को लगवाएं और खुद भी लें।
दरअसल, पोलियो की बीमारी के वापसी के पीछे एक बड़ा कारण है कोरोना के कारण बहुत से बच्चों का टीकाकरण ना हो पाना। माना जा रहा है कि ये वायरस ऐसे ही किसी स्थिति से उभरा है और लोगों में फैल रहा है। इसलिए जरूरी है पोलियो के वैक्सीनेशन मुहिम को फिर से तेज किया जाए।
पोलियो या पोलियोमाइलाइटिस (Poliomyelitis) एक अत्यधिक संक्रामक रोग है जो पोलिया वायरस के कारण फैलता है। यह अक्सर संक्रमित मल के संपर्क में आने से फैलता है। साथ ही ये गंदे हाथों, दूषित भोजन या पानी खाने या पीने से भी हो सकता है। इसलिए इस रोग से बचें और अपने बच्चों का पोलियो टीकाकरण जरूर करवाएं।