PM मोदी की अपील, जब तक COVID-19 का टीका नहीं बनता तब तक सबको बरतनी होगी सावधानी

WrittenBy

Written By: Rashmi Upadhyay | Updated : October 8, 2020 1:26 PM IST

कोरोना के मामले दुनियाभर में बढ़ते ही जा रहे हैं। बुधवार को ही भारत में कोरोना वायरस के 75,000 नए मामले सामने आए थे। जिसके चलते वर्तमान में हमारे देश में कोरोना के कुल मरीजों का आंकड़ा 6,835,655 तक पहुंच गया है, जिसमें से 105,526 लोगों की अब तक इस वायरस के चलते मौत हो गई है। ऐसे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्विटर पर एक 'जन आंदोलन' की शुरुआत की है। उन्होंने देशवासियों से अपील की है कि जब तक कोरोना वायरस की दवा नहीं आ जाती या इसके खिलाफ कोई टीका नहीं बन जाता, तब तक सभी को सावधानी बरतने की आवश्यकता है। पीएम मोदी ने सिलसिलेवार ट्वीट कर लोगों से आग्रह किया कि जब तक COVID-19 के​ लिए कोई टीका नहीं आ जाता तब तक बिल्कुल भी ढिलाई न बरतें बल्कि वायरस के प्रति सावधान रहें।

पीएम मोदी ने ट्वीट कर कहा कि-

आइए कोरोना से लड़ने के लिए एकजुट हों!

हमेशा याद रखें:

मास्क जरूर पहनें

हाथ साफ करते रहें।

सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें

दो गज की दूर रखें।

इस ट्ववीट को पीएम मोदी ने एक फोटो के साथ शेयर किया है। जिसमें उन्होंने उपरोक्त बताए बिंदु के साथ ही अपनी तस्वीर भी लगाई है। इस तस्वीर में पीएम मोदी हाथ जोड़कर खड़ें हैं और उन्होंने खुद अपने चेहरे पर गमछा लपेटा है। जो यह साफ बताता है कि पीएम नरेंद्र मोदी खुद कोरोना को लेकर काफी गंभीर है। इस फोटो के साथ उन्होंने 'यूनाइट टू फाइट कोरोना' #Unite2FightCorona हैशटैग का भी उपयोग किया।

इसके साथ ही पीएम यदि हम सब कोरोना के प्रति सावधान रहें तो हम इस लड़ाई को जरूर जीतेंगे। उन्होंने कहा कि आम व्यक्ति कोविड-19 के खिलाफ मजबूती से लड़ेगा तो इससे कोरोना योद्धाओं से मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा, 'हमारे योद्धाओं ने कई जिंदगियां बचाई हैं। हमें इस गति को बरकरार रखना है और इस वायरस से नागरिकों की रक्षा करनी है।'

गौरतलब है कि बुधवार को सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने घोषणा की थी कि पीएम नरेंद्र मोदी गुरुवार को कोविड-19 से निपटने के लिए ट्विटर पर ‘‘जन आंदोलन’’ अभियान की शुरुआत करेंगे। केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने भी यह कहा था कि कोरोना से बचाव का एकमात्र हथियार मास्क पहनना, सामाजिक दूरी का पालन करना और लगातार हाथ धोना है।