पीएम मोदी ने लॉन्‍च किया फि‍ट इंडिया मूवमेंट, जानें क्‍या है यह

इस अभियान का लक्ष्‍य लोगों को स्‍वास्‍थ्‍य के प्रति जागरुक करना है। इसके लिए सरकार बड़े स्तर पर अभियान चलाएगी, शहर हो या गांव हर जगह लोगों को फिट रहने के फंडे बताए जाएंगे।

WrittenBy

Written By: Yogita Yadav | Updated : August 29, 2019 5:52 PM IST

लोगों को सेहतमंद करने के लक्ष्‍य के साथ पीएम मोदी ने गुरूवार को 'फिट इंडिया मूवमेंट’ (Fit India Movement) की शुरूआत की। भारत में हर साल 29 अगस्त खेल दिवस के रूप में मनाया जाता है। यह हॉकी के जादूगर ध्यानचंद का जन्मदिन भी है। फिट इंडिया अभियान (Fit India Movement) में उद्योग जगत, फिल्मी जगत, खेल जगत के अलावा अन्य अनेक हस्तियां शामिल हुई हैं। इस अभियान पर भारत सरकार के खेल मंत्रालय के अलावा, मानव संसाधन विकास मंत्रालय, पंचायती राज मंत्रालय, ग्रामीण विकास मंत्रालय जैसे मंत्रालय आपसी तालमेल से काम करेंगे। आइए जानें क्‍या है ये पूरा मूवमेंट और कैसे करेगा काम।

पीएम मोदी का संकल्‍प (Fit India Movement)

फिट इंडिया अभियान की शुरुआत करने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि नए भारत का हर नागरिक फिट रहे, इस दिशा में आगे बढ़ना होगा। कुछ दशक पहले तक एक सामान्य व्यक्ति एक दिन में 8-10 किलोमीटर पैदल चल ही लेता था। फिर धीरे-धीरे टेक्नोलॉजी बदली, आधुनिक साधन आए और व्यक्ति का पैदल चलना कम हो गया। फिटनेस एक शब्द नहीं है बल्कि स्वस्थ और समृद्ध जीवन की एक जरूरी शर्त है। बेडमिंटन हो, टेनिस हो, एथलेटिक्स हो, बॉक्सिंग हो, कुश्ती हो या फिर दूसरे खेल, हमारे खिलाड़ी हमारी उम्मीदों और आकांक्षाओं को नए पंख लगा रहे हैं।

बढ़ानी है स्वास्थ्य जागरुकता 

असल में इस अभियान (Fit India Movement) का लक्ष्‍य लोगों को स्‍वास्‍थ्‍य के प्रति जागरुक करना है। इसके लिए सरकार बड़े स्तर पर अभियान चलाएगी, शहर हो या गांव हर जगह लोगों को फिट रहने के फंडे बताए जाएंगे। जिसमें अलग-अलग क्षेत्रों के लोग उन्‍हें प्रेरित करेंगे। इस अभियान को सरकार अपने पूरे कार्यकाल में चलाएगी। दिल्ली के इंदिरा गांधी स्टेडियम में फिट इंडिया अभियान से जुड़ा कार्यक्रम शुरू किया गया। यहां इंदिरा गांधी स्टेडियम परिसर में देशव्यापी अभियान की शुरुआत करते हुए स्वास्थ्य के प्रति उत्साही मोदी ने लोगों को अपनी रोजमर्रा की जिंदगी में स्वास्थ्य गतिविधि और खेल को शामिल करने के लिए प्रोत्साहित किया। इस दिन मेजर ध्यानचंद की 114वीं जयंती भी मनाई गई, जिसे भारत में राष्ट्रीय खेल दिवस के रूप में मनाया जाता है।

यूं ली हेल्‍थ एक्‍सपर्ट पर चुटकी 

किस्से, चुटकुले और रोजमर्रा की बातों के बीच मोदी ने फिटनेस के महत्व पर जोर दिया। यहां तक कि उन्होंने अपनी हालिया 'मन की बात' में लोगों को संबोधित करते हुए उन्हें 'फिट इंडिया मूवमेंट' में हिस्सा लेने के लिए कहा। चीन, अमेरिका, जर्मनी और ब्रिटेन से भारत की तुलना करते हुए मोदी ने कहा कि फिटनेस के मामले में यहां के लोग पिछड़े हुए हैं। उन्होंने चुटीले अंदाज में यह भी कहा कि किस तरह से भारतीय डिनर टेबल पर बैठे हुए डायट की बात करते हैं।

हर क्षेत्र की हस्तियों को जोड़ा जाएगा

इस अभियान (Fit India Movement) में खेल, उद्योग, राजनीति और फिल्मी जगत समेत हर क्षेत्र से जुड़ी बड़ी हस्तियों को शामिल किया जाएगा। ये लोग आम आदमी को रोजमर्रा के जीवन में फिट रहने के लिए प्रेरित करेंगे। इसके अलावा विभिन्न स्तरों पर स्वयं सेवकों की टीमें गठित की जाएंगी, जो लोगों को इस अभियान से जोड़ने में मदद करेंगी। फिट इंडिया मूवमेंट लॉन्च होने से पहले ही मैरीकॉम, राजनाथ सिंह, कॉनरेड संगमा समेत कई बड़ी हस्तियों के द्वारा इसके बारे में ट्वीट किया गया और लोगों से जुड़ने की अपील की गई।

कई मंत्रालयों के तालमेल से चलेगा अभियान

फिट इंडिया अभियान को सफल बनाने के लिए केंद्र सरकार के आधा दर्जन से अधिक मंत्रालय आपसी तालमेल से काम करेंगे। इनमें खेल मंत्रालय, मानव संसाधन विकास मंत्रालय, पंचायती राज और ग्रामीण विकास जैसे मंत्रालय शामिल हैं। ये मंत्रालय अपने-अपने स्तर पर कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार कर रहे हैं।

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source