सेहत के लिए नुकसानदायक है प्लास्टिक, अब बिहार में लगेगा प्लास्टिक पर बैन

प्लास्टिक में बंद खाद्य पदार्थों में संक्रमण भी हो सकता है और इन्हें खाने से आप बीमार पड़ सकते हैं।

WrittenBy

Written By: Sadhna Tiwari | Updated : October 23, 2018 5:59 PM IST

महाराष्ट्र, हिमाचल प्रदेश और उत्तर प्रदेश में प्लास्टिक बैग्स के इस्तेमाल पर पूरी तरह बैन लगने के बाद अब बिहार राज्य ने भी पर्यावरण को बचाने के लिए प्लास्टिक बंदी का महत्वपूर्ण फैसला लिया है। बिहार में पॉलीथिन बैन को लेकर अधिसूचना जारी कर दी गई है। 15 दिसंबर से पॉलीथिन के प्रयोग पर फाइन लगना शुरू हो जाएगा।

राज्य में सिर्फ प्लास्टिक कैरी बैग को प्रतिबंधित किया गया है। बायो वेस्ट के संग्रहण और भंडारण के लिए प्रयोग होने वाले 50 माइक्रोन से अधिक के कैरी बैग को प्रतिबंधित नहीं किया गया है। सभी प्रकार खाद्य और अन्य पदार्थों की पैकेजिंग, दूध और पौधा उगाने के लिए प्रयोग होने वाले कैरी बैग को भी इससे मुक्त रखा गया है।

गौरतलब है कि प्लास्टिक का विघटन नहीं होता और इसी वजह से यह पर्यावरण के लिए एक बड़ा खतरा बनकर उभरा है। देशभर में कार्यरत एनजीओ और विभिन्न संस्थाएं लोगों को प्लास्टिक के इस्तेमाल ना करने की अपील करती रही हैं और लोगों को प्लास्टिक के खतरों के बारे में जागरूक बनाने की कोशिशें भी की जाती रही हैं। इसी दिशा में देश की विभिन्न राज्य सरकारों और सरकारी महकमों ने भी प्लास्टिक बंदी का फैसला लिया है।

प्लास्टिक कैसे पहुंचाता है सेहत को नुकसान-

  • चूंकि प्लास्टिक आसानी से गलते नहीं है इसीलिए जब इन्हें कूड़े में फेंका जाता है तो ये मिट्टी और पानी में कई तरह के हानिकारक रसायन छोड़ देते हैं। समुद्र और नदियों में फेंके गए प्लास्टिक वहां के जीव-जंतुओं के पेट में चले जाते हैं। ऐसे में सी-फूड खाने वाले लोगों के लिए प्लास्टिक से रिसने वाले इन केमिकल्स के सम्पर्क में आने का खतरा हमेशा बना रहता है।
  • जलाशयों के सम्पर्क में आनेवाले प्लास्टिक से फैली गंदगी से पीलिया, डायरिया, हैजा जैसी बीमारियां फैल रही है।
  • प्लास्टिक में बंद खाद्य पदार्थों में संक्रमण भी हो सकता है और इन्हें खाने से आप बीमार पड़ सकते हैं।
  • सैंडविच जैसी चीज़ों की पैकेजिंग के लिए जिस पतली-सी प्लास्टिक शीट का इस्तेमाल किया जाता है वो भी संक्रमित हो सकती है। सैंडविच में मौजूद टमाटर और सिरका एसिडिक चीजों के कारण इस पतली प्लास्टिक में छेद भी हो सकता है जिससे इसके अन्दर बैक्टीरिया भी घुस सकते हैं।
Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source