
... Read More
Written By: Pallavi | Published : August 31, 2022 9:45 AM IST
भारत में कोरोना वायरस के मामले कभी घट रहे हैं तो, कभी बढ़ रहे हैं। स्थिति ये है कि पिछले 24 घंटे में कोरोना के 9808 मामले सामने आए हैं और पुराने मामलों की तुलना नए मामले 242.6 प्रतिशत तक बढ़े हैं। इधर खबरों की मानें तो, अमृत महोत्सव के दौरान लोगों को लगाए जा रहे फ्री कोविड वैक्सीन को एक बड़ी आबादी ने नहीं लगवाया है। अधिकारियों ने मंगलवार को कहा कि 18-59 आयु वर्ग की 77 करोड़ आबादी में से बस 12% ने अब तक कोविड-19 के टीके की एहतियाती खुराक यानी कि बूस्टर डोज ली है।
खबरों की मानें तो, 60 साल के ऊपर की एक बड़ी आबादी ने कोरोना का बूस्टर डोज नहीं लिया। आंकड़ों के अनुसार 60 साल और उससे अधिक आयु की 16.80 करोड़ आबादी में से बस 35 प्रतिशत लोगों ने ही कोरोना का बूस्टर डोज लिया।
आधिकारिक सूत्रों ने कहा कि 15 जुलाई से कोविड टीकाकरण अमृत महोत्सव शुरू होने के बाद से अब तक कुल 15.66 करोड़ एहतियाती खुराक दी जा चुकी हैं। इसमें 18-59 वर्ष के बीच के 64,89,99,721 आबादी में 14 जुलाई तक बस 8% लोगों ने ही टीका लगवाया।
15 जुलाई को शुरू किए गए इस अभियान के तहत अब तक सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों द्वारा 9,28,598 विशेष वैक्सीनेशन कैंप आयोजित किए जा चुके हैं। इस दौरान बूस्टर डोज लगवाने वालों मे सबसे ज्यादा स्वास्थ्य सेवा और फ्रंटलाइन वर्कर्स हैं।
दिल्ली में मंगलवार को कोरोनावायरस के 382 नए मामले सामने आए और पांच लोगों की मौत हुई। इस समय यहां कोरोना का पॉजिटिविटी रेट 2.85 प्रतिशत दर्ज की गई है। जबकि, सोमवार को 214 कोविड मामलों की रिपोर्ट की गई है, जिसमें पॉजिटिविटी रेट 3.77 प्रतिशत थी, साथ ही चार मौतें भी हुईं हैं।