Omicron Variant News: साउथ अफ्रीका के प्रांत गौटेंग में बढ़े ओमिक्रोन के मामले, WHO ने कहा वैश्विक स्तर पर बढ़ सकता है खतरा

एक्सपर्ट के अनुसार, ओमिक्रोन वेरिएंट बेहद संक्रामक हो सकता है। अधिक म्यूटेशन के कारण कोरोना वैक्सीन का भी असर नहीं होगा। हालांकि, दक्षिण अफ्रीका में जितने भी केस सामने आए हैं, उनमें लक्षण (Omicron Symptoms) बहुत हल्के दिखे हैं।

WrittenBy

Written By: Anshumala | Published : November 30, 2021 1:19 PM IST

Omicron Variant News: कोरोनावायरस के नए वेरिएंट ओमिक्रोन (Coronavirus New Variant) को लेकर देश-दुनिया में हड़कंप मच गया है। लोगों को लगने लगा था कि अब कोरोना का कहर थमने लगा है, लेकिन इन नए वेरिएंट से एक बार फिर से सरकार से लेकर आम लोगों की चिंताएं बढ़ गई हैं। डब्लूएचओ का कहना है कि कोविड-19 महामारी के तीसरे वर्ष में दुनिया प्रेवश कर रही है, लेकिन अभी भी यह संक्रामक बीमारी खत्म नहीं हुई है, जिसका ताजा उदाहरण है ओमिक्रोन कोविड वेरिएंट। WHO ने ये भी कहा है कि ओमिक्रोन वेरिएंट (South Africa Coronavirus New Variant) से वैश्विक स्तर पर खतरा बहुत अधिक हो सकता है। यदि लोगों ने लापरवाही बरती तो ये बेहद गंभीर परिणाम दे सकता है। दक्षिण अफ्रीका में जहां सबसे पहले ओमिक्रोन का मामला सामने आया था, वहां के हॉस्पिटल में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 330 फीसदी हो गई है।

गौटेंग प्रांत में बढ़े ओमिक्रोन के मामले

गौटेंग साउथ अफ्रीका का एक प्रांत (Gauteng province) है। ओमिक्रोन वेरिएंट से संक्रमित पहले केस की पुष्टि यहीं की गई थी। वहां के आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, 580 कोविड से संक्रमित लोगों को हॉस्पिटल में भर्ती किया गया था। पिछले दो हफ्तों के डाटा की बात करें तो 330 प्रतिशत इजाफा हुआ है।

ओमिक्रोन के लक्षण बेहद हल्के आए नजर

एक्सपर्ट के अनुसार, ओमिक्रोन वेरिएंट बेहद संक्रामक हो सकता है। अधिक म्यूटेशन के कारण कोरोना वैक्सीन का भी असर नहीं होगा। हालांकि, दक्षिण अफ्रीका में जितने भी केस सामने आए हैं, उनमें लक्षण (Omicron Symptoms) बहुत हल्के दिखे हैं। गौटेंग प्रांत में कोरोना से संक्रमित लोगों में जो लक्षण नजर आए हैं, उनमें बुखार, शरीर दर्द, पसीना आने की समस्या, सूखी खांसी आदि शामिल हैं। इन्हें इलाज के लिए हॉस्पिटल जाने की जरूरत नहीं पड़ी।

बोत्सवाना में भी दिखे नए वेरिएंट के मामले

दक्षिण अफ्रीका (South africa) में युवाओं के कोरोना से संक्रमित होने के मामले अधिक बढ़े हैं। बोत्सवाना में ओमिक्रोन वेरिएंट के कुल 19 मामले सामने आ चुके हैं। डब्ल्यूएचओ के महानिदेशक ट्रेडोस अदनोम घेब्रेयसस का कहना है कि दुनिया एक सदी में सबसे तीव्र स्वास्थ्य संकट की चपेट में है। बेशक, इसे रोका जा सकता है। इसका पता लगाया जा सकता है और इसका इलाज संभव है। उन्होंने कहा, अत्यधिक उत्परिवर्तित यानी म्यूटेंट ओमिक्रोन वेरिएंट का उद्भव इस बात को रेखांकित करता है कि हमारी स्थिति कितनी खतरनाक और अनिश्चित है।

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source