
Also Read
कोरोना का नया ओमीक्रोन वेरिएंट (Omicron Variant Covid) 2 देशों से बढ़कर अब तक कुल 59 देशों तक पहुंच गया है। जिससे विश्व स्वास्थ्य संगठन और दुनिया भर के देशों के वैज्ञानिकों और स्वास्थ्य पेशेवरों के बीच चुनौतियां बढ़ गई है। भारत में भी कोरोना के ओमीक्रोन वेरिएंट को लेकर प्रधानमंत्री मोदी की बैठक के बाद लगातार सतर्कता बढ़ती जा रही है। भारत में अब तक 25 लोगों में ओमीक्रोन वेरिएंट की पुष्टि हुई है। दुनिया भर में 78 हजार से ज्यादा मामले संदिग्ध हैं, जिनका पता लगाने के लिए जिनोम सीक्वेंसिंग की जा रही है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा आज यानी शुक्रवार को हुई प्रेस ब्रीफिंग में संयुक्त सचिव (स्वास्थ्य) लव अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि, देश में ओमीक्रोन के अब तक कुल 25 मामले सामने आए हैं, इन सभी मामलों में कोरोना के हल्के लक्षण देखे गए हैं। यह कुल डिटेक्ट वेरिएंट का 0.04% है।
लव अग्रवाल ने बताया कि, 24 नवंबर तक सिर्फ 2 देशों ने ओमीक्रोन वेरिएंट की सूचना दी थी, जो बढ़कर 59 देशों तक पहुंच गए हैं। इन सभी 59 देशों में अब तक 2,936 ओमीक्रोन के मामले दर्ज किए गए हैं। इसके अलावा, 78054 संभावित मामलों का पता चला है जिनका जिनोम सीक्वेंसिंग जारी है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, भारत में कोरोनावायरस की ओवरऑल स्थिति की बात करें तो पिछले हफ्ते देश में कुल पॉजिटिविटी रेट 0.73% रही है। पिछले 14 दिनों में 10000 से कम मामले सामने आए हैं। इसके अलावा केरल और महाराष्ट्र दो ऐसे राज्य हैं, जहां सक्रिय मामले सबसे ज्यादा हैं। केरल में 43% से ज्यादा एक्टिव केस हैं जबकि महाराष्ट्र में 10% से अधिक मामले सक्रिय हैं।
लव अग्रवाल ने बताया कि डब्ल्यूएचओ ने इस बात पर प्रकाश डाला है कि वैक्सीनेशन के अलावा सार्वजनिक स्वास्थ्य उपायों का लगातार पालन किया जाना चाहिए। लव अग्रवाल ने डब्ल्यूएचओ के वक्तव्य को कोट करते हुए कहा कि सार्वजनिक स्वास्थ्य उपायों में ढिलाई बरतने के कारण ही यूरोप में कोरोना के मामलों में वृद्धि हुई है।
प्रेस ब्रीफिंग के दौरान नीति आयोग के सदस्य डॉ वीके पॉल ने कहा कि हमें बेसिक स्थिति से सीख लेने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि जहां तक सुरक्षा क्षमता का सवाल है हम अब जोखिम भरे और अस्वीकार्य स्तर पर काम कर रहे हैं, मास्क का उपयोग कम हो रहा है, हमें या याद रखना होगा कि टीकाकरण के साथ मास्क भी महत्वपूर्ण है।
आईसीएमआर के महानिदेशक बलराम भार्गव ने कहा कि, ओमीक्रोन पर फोकस के साथ भारत में ग्लोबल सिनेरियो और कोरोना पर नजर रखने के लिए नियमित बैठकें आयोजित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि, दहशत ना फैलाने के लिए हमें मदद की आवश्यकता है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि कोरोना का पॉजिटिविटी रेट 5% से अधिक होने पर डिस्ट्रिक्ट लेवल पर प्रतिबंध लागू किए जाएंगे।
Inputs: ANI