
Also Read
Omicron In Water: ओमिक्रोन वेरिएंट से जुड़ी एक हैरान करने वाली खबर सामने आयी है जहां दूषित पानी में ओमिक्रोन वेरिएंट की मौजूदगी देखी गयी है। शोधकर्ताओं को अमेरिका के कैलिफोर्निया राज्य में गंदे पानी में ओमिक्रोन मिला है। समाचार एजेंसी आईएएनएस की रिपोर्ट के मुताबिक इस गंदे पानी के सैम्पल की टेस्टिंग के बाद जो परिणाम सामने आए हऐं उनसे ओमिक्रोन वेरिएंट के बारे में एक चौकाने वाले तथ्य का पता चला है। दरअसल, इस टेस्ट से पता चला है कि जब विश्व स्वास्थ्य संगठन (World Health Organization) ने ओमिक्रोन को 'वेरिएंट ऑफ कंसर्न' (Variant Of Concern) घोषित किया था, उससे कई दिनों पहले ही यह स्ट्रेन कैलिफोर्निया में मौजूद था।
मिली जानकारी के अनुसार, लॉस एंजिल्स टाइम्स से बातचीत में कैलिफोर्निया डिपार्टमेंट ऑफ पब्लिक हेल्थ (California Department Of Public Health) की तरफ से एक बयान दिया गया जिसमें कहा गया कि, 25 नवंबर को मेरेड काउंटी से एकत्र किए गए गंदे पानी के सैम्पल्स में ओमिक्रोन वेरिएंट (Omicron In Water) मिले हैं।
गौरतलब है कि दक्षिण अफ्रीका द्वारा 24 नवंबर को ओमिक्रोन वेरिएंट की पुष्टि की गयी थी। जिसके बाद विश्व स्वास्थ्य संगठन ने इसे वेरिएंट ऑफ कंसर्न यानि चिंता बढ़ाने वाला वेरिएंट बताया गया। समाचार एजेंसी सिन्हुआ ने द लॉस एंजिल्स टाइम्स के हवाले से एक रिपोर्ट छापी जिसमें कहा गया कि दक्षिण अफ्रीका द्वारा WHO को सूचित करने से एक दिन बाद, और एजेंसी द्वारा ओमिक्रोन कोवेरिएंट ऑफ कंसर्न घोषित करने के एक दिन पहले कैलिफोर्निया में ओमिक्रोन मिलने की जानकारी मिल गयी थी।
लॉस एंजिल्स टाइम्स की खबर में कहा गया है कि, इस स्टडी से उन बयानों की पुष्टि होती है जो बीते कुछ सप्ताह में वैज्ञानिकों द्वारा दिए गए थे। अखबार के अनुसार, ओमिक्रोन के बारे में दुनिया को पता चलने से पहले ही यह वेरिएंट दुनिया भर में तेजी से फैल रहा था। बता दें कि, कोरोना वायरस के रुझान को ट्रैक करने के लिए कोरोनावायरस से संबंधित कणों के लिए गंदे पानी के सैम्पल्स का उपयोग किया जा रहा है।
पिछले हफ्ते, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों द्वारा घोषणा की गयी थी कि सैन फ्रांसिस्को में कोरोनवायरस के ओमिक्रोन वेरिएंट के पहले अमेरिकी मामले (Omicron Cases In US) का पता चला था। संक्रमित व्यक्ति एक विदेशी यात्री था जो 22 नवंबर को दक्षिण अफ्रीका (South Africa) से लौटा था। कैलिफोर्निया के डिपार्टमेंट ऑफ पब्लिक हेल्थ ने यह भी कहा है कि अब तक राज्य में क ओमिक्रोन वेरिएंट से जुड़े 13 मामले सामने आ चुके हैं।
वहीं, अमेरिका की स्वास्थ्य इकाई सेंट फॉर डिज़िज़ कंट्रोल यानि सीडीसी ( Centers for Disease Control and Prevention ) के नवीनतम अपडेट के अनुसार, अब तक, कुल 22 अमेरिकी राज्यों ने ओमिक्रोन कोविड -19 वेरिएंट के मामलों की पहचान की है, जिनमें कुछ ऐसे हैं जो सामुदायिक प्रसारण का संकेत देते हैं।
(आईएएनएस)