
... Read More
Written By: Anshumala | Updated : December 16, 2021 3:21 PM IST
Omicron raised concern in Delhi: देश के कई राज्यों में ओमिक्रोन के मामले बढ़ते जा रहे हैं। देश की राजधानी दिल्ली में भी 2 नए ओमिक्रोन वेरिएंट से संक्रमित मामले सामने आए हैं। दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन का कहना है कि दिल्ली में गुरुवार को ओमिक्रोन के दो नए मामले सामने आए, जिससे यहां कोरोना के इस वेरिएंट से संक्रमितों की संख्या बढ़कर 10 हो गई। जैन ने आगे कहा, "दिल्ली में अब ओमिक्रोन के मामले बढ़ने लगे हैं। इस वेरिएंट के 10 मामले अब तक सामने आ चुके हैं। हालांकि, 10 में से एक को स्वस्थ्य होने के बाद हॉस्पिटल से छुट्टी दे दी गई है। फिलहाल 9 अभी भी लोक नायक जय प्रकाश नारायण (LNJP Hospital) हॉस्पिटल में भर्ती हैं। उनमें से कोई भी गंभीर स्थिति में नहीं है। सभी में बेहद सामान्य लक्षण नजर आए हैं। "
सत्येंद्र जैन के अनुसार, एलएनजेपी हॉस्पिटल में फिलहाल ओमिक्रोनजैसे लक्षण वाले कुल 40 मरीज भर्ती हैं। 40 में से 38 कोरोना पॉजिटिव हैं और दो ओमिक्रोन संदिग्ध हैं। आठ अन्य ओमिक्रोन संदिग्ध मरीजों को गुरुवार सुबह हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। एलएनजेपी अस्पताल को ओमिक्रोन रोगियों के इलाज के लिए समर्पित किया गया है। स्वास्थ्य मंत्री ने यह भी बताया कि अस्पताल में समर्पित बिस्तरों की संख्या बढ़ाकर 100 कर दी गई है, क्योंकि हवाईअड्डे पर विदेश से आने वाले अधिकांश यात्री वायरस के लिए पॉजिटिव पाए जा रहे हैं।
स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने दिन में पहले सरदार पटेल हॉस्पिटल में एक डिजिटल एक्स-रे मशीन लगाने की भी घोषणा की है। उन्होंने कहा कि उन्नत मशीन एक घंटे में कम से कम 50 मरीजों का एक्स-रे कर सकती है, जिससे संक्रमण का जल्द पता लगाने में मदद मिलेगी। गुरुवार तक, देश में ओमिक्रोन संक्रमितों की कुल संख्या 73 तक पहुंच चुकी है।
स्रोत: (IANS Hindi)