hamburger icon
A
Read in English

NFHS-5 Result in hindi : देश के इस UT में महिलाएं डायबिटीज से सबसे ज्यादा पीड़ित, जानें पुरुषों का क्या है हाल

NFHS-5 द्वारा जारी किए गए आंकड़े इस बात की ओर इशारा करते हैं कि इस केंद्र शासित प्रदेश में महिलाओं का डायबिटीज का सबसे ज्यादा खतरा है। जानिए कौन सा शहर है ये।

WrittenBy

Written By: Jitendra Gupta | Published : November 26, 2021 10:10 AM IST

हाल ही में जारी हुए राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण-5 (National Family Health Survey-5) के दूसरे चरण के परिणाम देश के 14 राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों में महिलाओं और बच्चों में खून की कमी के साथ-साथ दूसरी स्वास्थ्य चिंताओं पर प्रकाश डालते हैं। इतना ही नहीं इस रिपोर्ट में इस बात का भी खुलासा हुआ है कि चंडीगढ़ जैसे शहर में व्यस्कों के बीच डायबिटीज का खतरा बीते 5 सालों में कई गुना तक बढ़ गया है, जिसके कारण ये केंद्र शासित प्रदेश पूरे देश में डायबिटीज का केंद्र बन गया है।

कितने साल की उम्र में हो रही परेशानी

NFHS-5 द्वारा जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक, चंडीगढ़ में रहने वाली 15 साल और उससे ज्यादा की 12 फीसदी महिलाओं का ब्लड शुगर लेवल बहुत ज्यादा दर्ज किया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, 15 साल और उससे ज्यादा उम्र की महिलाओं का ब्लड शुगर लेवल160 mg/dl से ज्यादा दर्ज किया गया। जबकि 6 फीसदी महिलाओं का ब्लड शुगर लेवल 141 से 160 mg/dl दर्ज किया गया है। इसके अलावा शहर में कुल 19 फीसदी महिलाएं अपने ब्लड शुगर लेवल को कंट्रोल रखने के लिए दवाइयां ले रही हैं।

पुरुष भी इस समस्या का शिकार

NFHS-5 द्वारा जारी किए गए आंकड़ों से यह भी पता चला है कि चंडीगढ़ में रहने वाले पुरुषों में महिलाओं की तुलना में डायबिटीज का प्रसार कम है। चंडीगढ़ में रहने वाले लगभग 7.1% पुरुषों का ब्लड शुगर लेवल हाई पाया गया जबकि 8.8% पुरुषों का ब्लड शुगर लेवल बहुत ज्यादा हाई पाया गया है। वहीं शहर में 16.6 फीसदी पुरुष डायबिटीज की दवा ले रहे है।

देश में कितने लोग पीड़ित

वहीं बात करें देश की तो पूरे देश में करीब 6.3 फीसदी महिलाओं का ब्लड शुगर लेवल बहुत ज्यादा है जबकि 7.2% पुरुष इस समस्या का शिकार हैं।

क्या कहते हैं पुराने आंकड़ें

बात करें 2015-2016 में हुए सर्वेक्षण (एनएफएचएस-4) की तो चंडीगढ़ में डायबिटीज का प्रसार दूसरे राज्यों की तुलना में कम था। पिछले सर्वे में केवल 2.5% महिलाओं और 4.2% पुरुषों का ही ब्लड शुगर लेवल बहुत अधिक था, जबकि 5.6% महिलाएं और 6.9% पुरुष हाई ब्लड शुगर का शिकार थे।

कहां से जुटाए गए आंकड़े

केंद्रीय स्वास्थ्य एंव परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा NFHS-5 (2020-21) को तैयार किया गया है, जो इस कड़ी का पांचवां भाग है। इस सर्वे में भारत और प्रत्येक राज्य व केंद्र शासित प्रदेश की जनसंख्या के स्वास्थ्य और पोषण पर जुटाई गई जानकारी प्रदान की जाती है। इस सर्वे के लिए चंडीगढ़ के 761 घरों से जानकारी जुटाई गई है, जिसमें 746 महिलाएं और 104 पुरुष शामिल थे।