
Also Read
चीन के शंघाई में कोविड के नए वेरिएंट BA.5.2.1 का कहर! कई जगह पर लागू हुए सख्त प्रतिबंध
चीन के शंघाई में कोविड का एक और नया वेरिएंट ओमिक्रोन बीए.5.2.1 सामने आया है। रायटर्स की एक खबर के मुताबिक, रविवार को चीनी अधिकारियों ने इस बात की जानकारी दी। शहर के स्वास्थ्य कमिशन के उपनिदेशक झाओ डैंडन के मुताबिक, शंघाई के फाइनेंशियल डिस्ट्रिक्ट पुडोंग में 8 जुलाई को इस वेरिएंट का पता चला है, जो कि बहुत ज्यादा खतरनाक बताया जा रहा है। अधिकारियों के मुताबिक ये मामला विदेश से जुड़ा हुआ है।
शंघाई हेल्थ कमिशन के झाओ का कहना है कि हाल ही में हमारे शहर में एक बार फिर से कोविड के स्थानीय मामलों में वृद्धि देखने को मिली है और इस बीमारी के फैलने का खतरा बहुत ही ज्यादा है।
हेल्थ कमिशन ने इस मामले के सामने आने के बाद ये कहा है कि शंघाई जिले के निवासियों को अगले सप्ताह 12 से 14 जुलाई के बीच दो बार कोविड टेस्ट करानेके लिए कहा गया है ताकि किसी भी संभावित नए खतरे को कंट्रोल किया जा सके।
बता दें कि शंघाई में कोविड के मामले एक बार फिर से बढ़ रहे हैं, जिसकी वजह से अधिकारियों को कुछ जगह को अधिक खतरे वाले इलाके घोषित करना पड़ा। इसकी वजह से चीन की वित्तिय नगरी में लोग डरे हुए हैं क्योंकि एक बार फिर से प्रतिबंध बहुत सख्त हो गए हैं।
शहर में शुक्रवार को 59 नए मामले सामने आए हैं जबकि गुरुवार को ये आंकड़ा 45 था। मई के बाद कोविड के सबसे ज्यादा नए मामले शुक्रवार को ही सामने आए हैं।
चाइना सेंटर फॉर डिजीज प्रिवेंशन एंड कंट्रोल के मुताबिक, कई देशों में कोविड इंफेक्शन की नई लहर का कारण बनने वाला ओमिक्रोन बीए.5 वेरिएंट सबसे पहले चीन में ही पाया गया था। बता दें कि 13 मई को एक 37 साल का पुरुष यूगांडा से शंघाई लौटा था, जो इस वेरिएंट से संक्रमित पाया गया था।
चीन की कोविड जीरो पॉलिसी कई बड़े शहरों में एक बार फिर से लागू हो चुकी है, विशेष रूप से सब वेरिएंट बी.5 के सामने आने के बाद।
बीए.5 के लक्षण कोविड के पिछले वेरिएंट्स के ठीक समान हैं, जिसमें
1-बुखार
2-नाक बहना
3-खांसी
4-गले में खराश
5-सिरदर्द
6-मांसपेशियों में दर्द
7-थकान
चीनी अधिकारियों ने कई शहरों में कोविड के मामलों के एक बार फिर से बढ़ने को जटिल करार दिया है, जिसकी वजह से चीन को 2023 में होने वाले AFC फुटबॉल टूर्नामेंट की मेजबानी छोड़ने के लिए मजबूर होना पड़ा है।