
Also Read
31 जनवरी से शुरू होगा पोलियो टीकाकरण कार्यक्रम, राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद पिलाएंगे बच्चों को पोलियो की खुराक
देश में पोलियो की रोकथाम के लिए 31 जनवरी (रविवार) से राष्ट्रीय पोलियो टीकाकरण कार्यक्रम (Pulse Polio Vaccination programme) शुरू किया जाएगा। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने एक बयान जारी कर इस बात की जानकारी दी है। इस कार्यक्रम के अंतर्गत पांच साल तक और उससे कम के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी।
बता दें कि इस कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रीय टीकाकरण दिवस (NID) यानी कि17 जनवरी से देशभर में होने वाली थी लेकिन 16 जनवरी को कोरोना टीकाकरण अभियान (Coronavirus Vaccination) की शुरुआत होने के कारण इस अभियान को आगे बढ़ाने का फैसला लिया गया था। देशभर में अब राष्ट्रीय पोलियो टीकाकरण कार्यक्रम की शुरुआत 31 जनवरी से हो रही है।
इस अभियान को आगे बढ़ाने के फैसले को लोगों तक पहुंचाने के मकसद से केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने 14 जनवरी को बताया था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) 16 जनवरी से देश में कोरोना टीकाकरण अभियान की शुरुआत करने जा रहे हैं, जिससे दुनिया का सबसे बड़ा टीकाकरण अभियान बताया जा रहा है।
मंत्रालय ने आगे कहा कि कोरोना टीकाकरण अभियान को शुरू करने के कारण ही पोलियो टीकाकरण दिवस को 31 जनवरी से शुरू करने का फैसला किया गया। बता दें कि 16 जनवरी को राष्ट्रीय टीकाकरण दिवस (एनआईडी) या ''पोलियो रविवर'' के रूप में भी मनाया जाता है। ये फैसला भारत के राष्ट्रपति कार्यालय के परामर्श के बाद ही किया गया था।
सरकार द्वारा जारी बयान के मुताबिक, राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद कल राष्ट्रपति भवन में कुछ बच्चों को पोलियो ड्रॉप पिलाकर इस राष्ट्रीय पोलियो टीकाकरण कार्यक्रम की शुरुआत करेंगे।