
... Read More
Written By: Pallavi Kumari | Published : August 3, 2022 9:38 AM IST
कोरोना वायरस के बाद देश और दुनिया में अब मंकीपॉक्स की चर्चा हो रही है। दुनियाभर में लगभग 80 देशों में मंकीपॉक्स वायरस फैल चुका है और भारत में भी इसके मामलों की संख्या बढ़ रही है। दरअसल, पिछले हफ्ते जहां देशभर में मंकीपॉक्स के कुस 6 मामले थे वहीं अब इसमें 2 मामलों का और इजाफा हुआ है। अब कुल 8 मामले (monkeypox cases in india) हो गए हैं। बता दें कि केरल में एक 30 वर्षीय व्यक्ति में मंकीपॉक्स की पुष्टि हुई है और इस तरह ये केरल का पांचवां व्यक्ति बन गया है। वहीं, दिल्ली में एक नाइजीरियाई व्यक्ति मंकीपॉक्स से संक्रमित मिला है। आधिकारिक सूत्रों ने मंगलवार को कहा कि 35 वर्षीय व्यक्ति का विदेश यात्रा का कोई हालिया इतिहास नहीं है।
केरल में मंकीपॉक्स (Monkeypox in Kerala) का एक और मामला सामने आने के बाद केरल की स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज ने लोगों से की सतर्क रहने की अपील की है। साथ उन्होंने इस संक्रमित व्यक्ति के बारे में भी बताया है। केरल की स्वास्थ्य मंत्री ने बताया है कि संक्रमित व्यक्ति 27 जुलाई को संयुक्त अरब अमीरात से कोझीकोड हवाई अड्डे पर पहुंचा था। मलप्पुरम में उसका इलाज चल रहा है। उसके चार प्राथमिक संपर्कों को निगरानी में रखा गया है।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मंकीपॉक्स (Monkeypox in Delhi) का यह तीसरा मामला है। इस आदमी को सोमवार को दिल्ली सरकार द्वारा संचालित एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया था और अभी इसका इलाज चल रहा है। इससे पहले, संयुक्त अरब अमीरात के एक 30 वर्षीय व्यक्ति ने केरल में मंकीपॉक्स वायरस के लिए सकारात्मक परीक्षण किया था। स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज ने बताया कि युवक का मलप्पुरम में इलाज चल रहा है। मंकीपॉक्स के पहले मरीज को सोमवार रात छुट्टी दे दी गई।
इधर, मंकीपॉक्स पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने संसद में कहा देश में अब तक मंकीपॉक्स के आठ मामले सामने आए हैं, जिनमें से पांच का विदेश यात्रा का इतिहास रहा है। उन्होंने दुबई या शारजाह से यात्रा की है। उन्होंने बताया है कि हमने दुबई सरकार को पत्र लिखकर यात्रियों की ट्रेसिंग करने और रिपोर्ट हमारे साथ साझा करने को कहा है।
1. भारत में मंकीपॉक्स का पहला मामला केरल के कोल्लम जिले से 14 जुलाई को सामने आया था और मरीज को पिछले सप्ताह अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।
2. संक्रमण का दूसरा मामला 18 जुलाई को कन्नूर जिले में और तीसरा मामला पड़ोसी जिले मलप्पुरम में 22 जुलाई को सामने आया था।
3. भारत में शनिवार को मंकीपॉक्स से पहले व्यक्ति की भी मौत हुई। ये केरल का मंकीपॉक्स पीड़ित वही दूसरा व्यक्ति था।
4. केरल ने मंकीपॉक्स का 5वां मामला दर्ज किया।
5. दिल्ली ने अब तक मंकीपॉक्स के तीन मामले सामने आ चुके हैं।
6. केंद्र ने मंकीपॉक्स के मामलों की निगरानी के लिए एक टास्क फोर्स का गठन किया है।
7. इस टास्क फोर्स नेतृत्व नीति आयोग के सदस्य (स्वास्थ्य) डॉ. वीके पॉल (Dr, V.K. Paul) करेंगे और अन्य सदस्यों में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय, फार्मा और बायोटेक के सचिव भी शामिल हैं।
8. वैश्विक स्तर पर मंकीपॉक्स लगभग 80 देशों में फैल चुका है और दुनियाभर में 21,000 से ज्यादा मामले हैं।
बता दें कि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने कहा है कि हम मंकीपॉक्स को लेकर सतर्क हैं और इसके लिए हम हवाई अड्डों पर ही थर्मल स्क्रीनिंग कर रहे हैं। मनसुख मंडाविया ने यह भी कहा है कि दुनिया भर में ज्यादातर मामले पुरुषों के साथ यौन संबंध रखने वाले में दर्ज किए गए हैं। अब तक, भारत में भी संक्रमण के लिए सकारात्मक परीक्षण करने वाले सभी युवा पुरुष ही हैं। ऐसे में हमें इस बीमारी को समझने में और समय लग सकता है।