
... Read More
Written By: Pallavi | Updated : November 10, 2022 10:40 AM IST
Measles outbreak in mumbai: मुंबई में कोरोना, स्वाइन फ्लू के बाद अब खसरा (Measles) का प्रकोप देखा जा रहा है। स्थिति यह है कि यहां की 5 अलग-अलग लोकेलिटी में खसरा के मामले सामने आए हैं। हालांकि, सितंबर में यहां खसरा रोग से एक बच्चे की मौत हुई थी, लेकिन उसके बाद इसके मामले सामने नहीं आए थे। लेकिन, पिछले दो हफ्तों से यहां खसरा के मामले तेजी से बढ़ गए हैं। पिछले 48 घंटों की बात करें तो, अलग-अलग जगहों से 15 मामले सामने आए हैं। इसके अलावा BMC के आंकड़ों की मानें तो कुल मामलों की संख्या 29 है। इस तरह अचानक बढ़े इस रोग को लेकर केंद्र सरकार भी चिंता में आ गई है और इसलिए जांच के लिए एक खास टीम को स्वास्थ्य मंत्रालय ने भेजा है।
खसरे को लेकर राज्य की स्थिति यह है कि यहां घाटकोपर इलाके के 3 बच्चों की मौत इस रोग से हो चुकी है। बच्चों का अस्पताल में इलाज चल रहा था। बताया गया है कि इनमें से दो बच्चे 5 साल के थे और एक बच्चा 14 महीने का और तीनों को खसरे का टीका नहीं लगा था। इसके अलावा शहर के अलग-अलग इलाकों से मामले सामने आ रहे हैं।
खसरा रोग को लेकर चिंता की बात यह है कि मुंबई में जिन 29 बच्चों को खसरा रोग हुआ है उनमें से अधिकतर को टीका लग चुका है और तब भी वे संक्रमित हो गए है। इन बच्चों के शरीर में दाने या कहें कि लाल रैशेज के साथ तेज बुखार है। कुछ के आंखों से पानी आ रहा है। प्रशासन और स्वास्थ्य इसी स्थिति को देख कर चिंता में है कि टीका लगने के बाद भी बच्चे कैसे संक्रमित हो रहे हैं। इसलिए स्वास्थ्य मंत्रालय ने जांच के लिए एक खास टीम बना कर मुंबई भेजा है।
बता दें कि खसरा रूबेला वायरस (Rubela Virus) के कारण तेजी से फैलने वाली संक्रामक बीमारी है। यानी कि अगर स्थिति को जल्द ही काबू में नहीं किया गया है तो इसके मामले और बढ़ सकते हैं। साथ ही प्रशासन खसरे के टीके लगवाने पर भी जोर दे रही है, ताकि टीके की कमी से बच्चों की मौत ना हो।