
किशोरी मिश्रा
किशोरी मिश्रा को डिजिटल मीडिया का लगभग 8+ वर्षों का व्यापक अनुभव है, जिसमें स्वास्थ्य (Health) और जीवनशैली ... Read More
Written By: Kishori Mishra | Updated : February 24, 2023 9:40 AM IST
Adenovirus : पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में लगाकर एडिनोवायरस के मामले बढ़ते जा रहे हैं। सर्दी-जुकाम और खांसी जैसी समस्याओं से पीड़ित लगभग हर मामला एडिनोवायरस का है। हाल ही में कुछ बच्चों की इसकी वजह से मौत हो गई है। ऐसे में यह काफी चिंता का विषय बनी हुई है। एडिनोवायरस के मामलों में लगातार वृद्धि को देखते हुए स्वास्थ्य मंत्रालय ने एक निर्देश जारी किया है। इस निर्देश के अनुसार, एक्यूट रेस्पिरेटरी डिस्ट्रेस (एआरआई) के लिए अस्पताल में भर्ती होने वाले सभी बच्चों का कोविड परीक्षण कराना जरूरी है।
इसके साथ जिन बच्चों को सांस लेने में काफी ज्यादा परेशानी हो रही है, उन्हें सभी तरह के वायरल पैनल परीक्षण से गुजरना होगा। इसके साथ ही डेंगू, मलेरिया और स्क्रब टाइफस के परीक्षण करना भी जरूरी है। यह निर्देश स्वास्थ्य विभाग द्वारा गुरुवार को व्यापक रूप से जारी किया गया है।
बता दें कि पिछले कुछ सप्ताह से कोलकाता में एडिनोवायरस से पीड़ित लोगों की संख्या लगातार बढ़ रही है। हाल ही में 13 वर्षीय किशोरी की एडिनोवायरस की वजह से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि भर्ती करने के दौरान बच्ची को सांस लेने में परेशानी हो रही थी।
स्वास्थ्य विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि एआरआई (सांस लेने में परेशानी) की वजह से अस्पतालों में भर्ती होने वाले बच्चों की संख्या लगातार बढ़ रही है। ऐसी स्थिति में हमें कड़ी निगरानी रखने की जरूरत है, जिससे मृत्यु दर को रोकने में मदद मिल सके। इन बच्चों के चिकित्सा प्रबंधन के लिए एक प्रोटोकॉल का पालन करने की जरूरत है। साथ ही गंभीर मामलों पर कड़ी निगरानी की जरूरत है। इसके लिए कोरोना टेस्ट के अलावा कई अन्य वायरल टेस्ट कराने की आवश्यकता है।
कोलकाता में एडिनोवायरस के बढ़ते मामलों को देखते हुए आपको वायरस के प्रति सचेत होने की जरूरत है। अगर आपको अपने शरीर में या फिर बच्चों के शरीर में किसी भी तरह के लक्षण नजर आए तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें। सर्दी-जुकाम होने पर खुद इलाज न करने बैठ जाएं, इससे आपकी और आपके बच्चों की परेशानी अधिक बढ़ सकती है।