
साधना तिवारी
साधना तिवारी 15 वर्षों से मीडिया क्षेत्र में हैं। लगभग 9 वर्षों से अधिक समय से ZEE ग्रुप के साथ जुड़ी हुई ... Read More
Written By: Sadhna Tiwari | Updated : November 9, 2020 12:04 AM IST
Malnutrition During Pandemic: कोरोना वायरस की वजह से लगाए गए लॉकडाउन से ना केवल लोगों की सामाजिक गतिविधियां कम हो गयी हैं। बल्कि, इससे लोगों को स्वास्थ्य, शिक्षा और पौष्टिक भोजन जैसी मूलभूल सुविधाओं के लिए भी बहुत संघर्ष करना पड़ रहा है। ऐसे में दिल्ली के महिला एवं बाल विकास मंत्री राजेंद्र पाल गौतम ने रविवार को एक विशेष बैठक का आयोजन किया। इस बैठक में महिला एवं बाल विकास विभाग में हाल में ही नियुक्त कल्याण अधिकारियों और सुपरवाइजरों ने शिरकत की। ( Eradicating Malnutrition During Pandemic )
इस बैठक में कोविड-19 के समय में लोगों तक पौष्टिक आहार पहुंचाने के उपायों पर चर्चा की गयी। मीटिंग में महिला एवं बाल विकास मंत्री ने सरकार की ओर से आंगनवाड़ी योजना के तहत लाभार्थियों को प्रदान किए जा रहे पोषक आहार के वितरण में पूरी सावधानी बरतने का आदेश दिया।
राजेंद्र पाल गौतम ने कहा, "हम सभी का लक्ष्य दिल्ली से कुपोषण (Malnutrition) को पूरी तरह खत्म करना होना चाहिए। इसके लिए राजधानी में सभी शिशुओं और मांओं को कुपोषण से बचाने के प्रयासों को अपना नैतिक दायित्व समझना आवश्यक है। अगर हम यह लक्ष्य प्राप्त कर लेते हैं तो, इस योजना से जुड़े लोगों की सार्थकता भी साबित होगी। इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को पूरी ईमानदारी से अपनी-अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करना होगा।" ( Eradicating Malnutrition During Pandemic )
इस अवसर पर विभाग ने महिला एवं बाल विकास मंत्री को आंगनवाडी लाभार्थियों का सर्वेक्षण कराये जाने की योजना के बारे में जानकारी दी। इस प्रस्तुति में आंगनवाड़ी लाभार्थियों को सरकार की ओर से प्राप्त होने वाली सुविधाओं और इस योजना से संबंधित उनकी प्रतिक्रियाओं, सुझावों तथा विचारों से अवगत होने के उद्देश्य से तैयार की गई प्रश्नावली भी दिखाई गई। इस सर्वेक्षण के प्रश्नों के संबध में सर्वेक्षण टीम के साथ एक मॉक ड्रिल भी हुई।
गौरतलब है कि दिल्ली में कोरोना के नए मामले प्रतिदिन नया रिकॉर्ड बना रहे हैं। बीते कई दिनों से हर 24 घंटे में 7 हजार या उससे आसपास नए कोरोना रोगी सामने आ रहे हैं। ऐसे में दिल्ली सरकार का मानना है कि राजधानी में कोरोना की तीसरी लहर आ चुकी है। साथ ही यह समय तीसरी लहर का सर्वोच्च स्तर यानी पीक है।
जहां दिल्ली सरकार का मानना है कि यह कोरोना की तीसरी लहर और उसका पीक आ चुका है। वहीं सरकार यह भी मान रही है कि अब दिल्ली में कोरोना के मामले और नहीं बढ़ने चाहिए। इस बीच दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने कहा, "दिल्ली में कोरोना की तीसरी लहर आ चुकी है। हालांकि हम जल्द ही इससे बाहर आ जाएंगे।"