फेस ट्रांसप्लांट से मिली नई पहचान, आत्महत्या की कोशिश में बुरी तरह से बिगड़ चुका था चेहरा, देखें वीडियो

31 घंटे की सर्जरी के बाद केटी को फेस ट्रांसप्लांट के जरिए उनका नया चेहरा मिल चुका है।

WrittenBy

Written By: Anshumala | Updated : August 17, 2018 7:41 PM IST

मार्च, 2014 की बात है। अमेरिका की रहने वाली 18 वर्षीय केटी स्टबलफील्ड ने आत्महत्या का प्रयास किया था। केटी ने अपने चेहरे पर ही बंदूक से गोली मार ली थी। इसके बाद उनकी आंखें, नाक और होंठ को बुरी तरह से नुकसान पहुंचा था। हालांकि, उनकी जान बच गई थी, पर चेहरे की बनावट बुरी तरह से बिगड़ गई थी। दरअसल, तब केटी किशोरावस्था में थीं और कई तरह की भावनात्मक और तनाव से ग्रस्त थीं। इससे परेशान होकर उन्होंने आत्महत्या करने की कोशिश की थी। इस घटना के बाद उन्हें तुरंत ही ऑक्सफोर्ड के स्थानीय हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था, फिर उसके बाद क्लेवलैंड (ओहियो) के क्लिनिक में ले जाया गया।

पिछले वर्ष ही उन्हें एक 31 वर्षीय महिला का चेहरा दिया गया, जिसकी ड्रग ओवरडोज के कारण मौत हो गई थी। पूरे 31 घंटे की सर्जरी के बाद अब केटी को उनका नया चेहरा मिल चुका है। यह संभव हो सका है फेस ट्रांसप्लांट के जरिए। इस फेस ट्रांसप्लांट में उनका पूरा 100 प्रतिशत चेहरा बदल दिया गया है। इस अविश्वसनीय सर्जरी में स्कैल्प, फोरहेड, अपर और लोअर आईलिड्स, आई सॉकेट्स, नाक, अपर चीक्स, ऊपरी जबड़ा, ऊपर और नीचे के दांत, पार्शियल फेशियल नर्व्स, चेहरे की मांसपेशियों और त्वचा को बदला गया है।

हालांकि, वह अब देख नहीं सकतीं, पर अब उनकी जिंदगी में नया आयाम जुड़ गया है। इससे पहले वह करीब 13 सर्जरी करवा चुकी थीं। अब तक के सबसे लंबी अवधि वाले फेस ट्रांसप्‍लांट सर्जरी के जरिए केटी को दूसरी जिंदगी मिली है। 31 घंटे तक चली सर्जरी की यह पूरी प्रक्रिया अपने आप में ऐतिहासिक माना जा रहा है, क्योंकि अमेरिका की सबसे कम उम्र की वह पहली इंसान हैं, जिसका फेस ट्रांसप्लांट किया गया है।

नेशनल जियोग्रैफिक मैगजीन के सितंबर कवर पर केटी को फीचर भी किया गया है। क्लेवलैंड क्लिनिक न्यूज ने केटी से संबंधित एक वीडियो भी ट्विटर पर शेयर किया है-

केटी का परिवार हमेशा उसके साथ खड़ा रहा। उनके पिता का कहना है कि यह सफर चार कदम आगे रहा, दो कदम पीछे, लेकिन हमेशा बढ़ता रहा। 2016 में केटी को वेटिंग लिस्‍ट में रखा गया था, एक साल बाद जब डोनर मिला तब कहीं जाकर डॉक्‍टरों ने अपना काम शुरू किया।

केटी दुनिया की 40वीं ऐसी इंसान हैं जिसका फेस ट्रांसप्‍लांट हुआ है। उनकी सर्जरी मई 2017 में की गई और फेस ट्रांसप्‍लांट कराने वाली केटी अमेरिका की सबसे युवा मरीज रहीं। एक रिपोर्ट के अनुसार, अब केटी को पूरी जिंदगी दवाओं और इलाज के साथ बितानी होगी ताकि इस ट्रांसप्लांट के साइड इफेक्ट्स से उन्हें बचाया जा सके।

चित्रस्रोत: Twitter/@CleClinicNews.

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source