जेट एयरवेज के फाउंडर नरेश गोयल की पत्नी का हुआ निधन, लंबे समय से कैंसर से थी ग्रसित

जेट एयरवेज के मालिक नरेश गोयल की पत्नी अनीता गोयल का सुबह 3 बजे मुंबई के एक अस्पताल में निधन हो गया है। वह काफी लंबे समय से कैंसर से जूझ रही थीं।

WrittenBy

Written By: priya mishra | Updated : May 16, 2024 12:48 PM IST

जेट एयरवेज के संस्थापक नरेश गोयल की पत्नी अनीता गोयल का गुरुवार सुबह निधन हो गया। वे लंबे समय से कैंसर से जूझ रही थीं। उन्होंने सुबह 3 बजे मुंबई के एक अस्पताल में आखिरी सांस ली। उस समय नरेश गोयल उनके साथ थे। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, अनीता गोयल का अंतिम संस्कार आज दिन में मुंबई में किया जाएगा। बता दें कि नरेश गोयल को हाल ही में अंतरिम जमानत दी गई थी। इस महीने की शुरुआत में नरेश गोयल ने चिकित्सा और मानवीय आधार पर बॉम्बे हाई कोर्ट से अंतरिम जमानत मांगी थी, जिसमें कहा गया था कि वे और उनकी पत्नी दोनों कैंसर से पीड़ित हैं। जिसे आधार मानकर बॉम्बे हाईकोर्ट ने मनी लॉन्ड्रिंग मामले में 6 मई को 2 माह की अंतरिम जमानत दी थी।

जेट एयरवेज में बड़े पदों पर रहीं है अनीता

बात करें अनीता गोयल की तो वह जेट एयरवेज के ऑपरेशन से लंबे समय से जुड़ी रही हैं। वह एयरवेज में वाइस प्रेसिडेंट के पद पर भी रह चुकी हैं, इसके साथ ही वह कंपनी के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स में बनी रही थी।

मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में भी आरोपी

नवंबर 2023 में प्रवर्तन निदेशालय ने मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में पति नरेश गोयल के साथ-साथ अनीता गोयल को भी अरेस्ट किया था। लेकिन उनके खराब स्वास्थ्य और आयु को देखते हुए उन्हें कोर्ट ने तुरंत जमानत दे दी थी। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि नरेश गोयल और अनीता गोयल दोनो पति-पत्नी कैंसर जैसी घातक बीमारी से पीड़ित थे, जिसके चलते बीती रात 3 बजे अनीता गोयल की मृत्यु मुंबई स्थित उनके आवास पर हो गई।

साल 2019 से बंद है एयरलाइंस

जेट एयरवेज एक समय भारत की सबसे बड़ी प्राइवेट एयरलाइन्स में से एक हुआ करती थी। जिसे साउथ एशियाई देशों में सबसे बड़ी प्राइवेट एयरलाइन का दर्जा भी प्राप्त था। लेकिन समय के साथ कर्ज के बोझ तले दबी एयरलाइन को 17 अप्रैल 2019 से अपने संचालन को बंद करना पड़ा। इस समय तक एयरलाइन पर 800 करोड़ रुपए से अधिक का लोन बकाया था।

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source