
मुकेश शर्मा
मुकेश शर्मा दिल्ली यूनिर्विसिटी से जर्नलिज्म डिग्री होल्डर हैं और पिछले 8 साल से Health Journalism से जुड़े हुए ... Read More
Written By: Mukesh Sharma | Updated : June 6, 2022 1:41 PM IST
महाराष्ट्र में कोरोना के फिर से बढ़ रहे मामलों के चलते मास्क अनिवार्य करने की खबरें इंटरनेट पर वायरल होने लगी हैं। हालांकि, महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे (Rajesh tope) ने कहा है कि यह सिर्फ एक अपील है और अभी तक राज्य में मास्क लगाना अनिवार्य नहीं किया गया है। राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने शुक्रवार को जिलाव एवं नगर निकाय के अधिकारियों को एक पत्र के जरिए कोविड-19 की जांच को बढ़ाने की मांग की थी और साथ ही साथ लोगों को रेल, बस, सिनेमाघर, ऑफिस, अस्पताल, और स्कूल व कॉलेज जैसे सार्वजनिक स्थानों पर मास्क लगाने की सलाह देने की मांग की थी। स्वास्थ्य विभाग द्वारा उठाए गए इस कदम ने महाराष्ट्र के लोगों में भ्रम की स्थिति पैदा कर दी थी और इंटरनेट पर भी मास्क की अनिवार्यता को लेकर कुछ खबरें आ चुकी थी।
गौरतलब है कि प्रदेश में 2022 के चौथे महीने यानी अप्रैल में ही मास्क की अनिवार्यता को हटा दिया गया था। बृहन्मुंबई महानगरपालिका ने 1 अप्रैल से ही सार्वजनिक स्थानों पर मास्क न पहनने पर लगने वाले जुर्माने को बंद कर दिया गया था। हालांकि, उस दौरान भी बीएमसी ने लोगों को स्वैच्छिक रूप से मास्क पहनने की सलाह दी थी।
अप्रैल की तरह ही महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने पुणे में कहा कि स्वास्थ्य विभाग के पत्र में यह भी कहा गया है कि मास्क लगाना जरूरी है, जो असल में लोगों को की जाने वाली एक अपील है। आगे उन्होंने कहा कि लोगों से उम्मीद है कि वे सार्वजनिक स्थानों पर मास्क पहनेंगे।
स्वास्थ्य मंत्री ने यह भी बताया कि लोगों को सार्वजनिक स्थानों पर मास्क लगाने की सिर्फ अपील की जाती है और अगर कोई व्यक्ति ऐसा नहीं करता है तो उसपर किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं की जाएगी। लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि आप मास्क न पहनें।