
साधना तिवारी
साधना तिवारी 15 वर्षों से मीडिया क्षेत्र में हैं। लगभग 9 वर्षों से अधिक समय से ZEE ग्रुप के साथ जुड़ी हुई ... Read More
Written By: Sadhna Tiwari | Published : March 7, 2018 4:26 PM IST
फिल्म निर्माता रोहित शेट्टी ने तेजाब पीड़िता लक्ष्मी अग्रवाल के संघर्ष और खुद अपने लिए खड़े होने को लेकर सराहाना की है। टीवी रियलिटी शो 'इंडियाज नेक्स्ट सुपरस्टार्स' शो की प्रतियोगी नैना ने अग्रवाल की कहानी पर प्रस्तुति दी थी।
नैना की प्रस्तुति के बाद अग्रवाल ने तेजाब की घटना से पीड़ित होने और उसके बाद अपने संघर्ष की कहानी सुनाई।
शेट्टी ने लक्ष्मी की प्रशंसा करते हुए कहा, "आपने जो साहसी कार्य किया है उसके लिए आपका नाम इतिहास में दर्ज किया जाएगा। हमारे देश को आपके जैसी महिलाओं की आवश्यकता है। आप पीड़िता नहीं एक योद्धा हैं।"
गौरतलब है कि लक्ष्मी अग्रवाल 'स्टॉप एसिट अटैक' अभियान की संस्थापक भी हैं।
कभी सिंगिंग रियलटी शो 'इंडियन ऑयडल' में जाने के सपने पालनेवाली लक्ष्मी पर, साल 2005 में उसके एक दोस्त के भाई ने एसिड फेंकवा दिया था। वह लक्ष्मी को काफी समय से परेशान कर रहा था। लक्ष्मी अपने करियर और पढ़ाई पर ध्यान दे रही थी और उस लड़के को लगातार नजरअंदाज कर रही थी। 18 अप्रैल 2005 को वह आईएनए के बस स्टैंड पर खड़ी थी। उसी समय आरोपी नईम खान वहां पहुंचा और उसने लक्ष्मी पर तेजाब फेंक दियाय़ इसके बाद तो वह सन्न रह गई. देखते-देखते उसका चेहरा जल गया और उसके कान गल गए। आंखों के सामने हाथ आ जाने की वजह से उसके आंखों की रोशनी बच गई थी। लेकिन, उसकी जिंदगी के सारे सपने पलभर में ही जल कर खाक हो चुके थे। इसके बाद लक्ष्मी को बहुत सी तकलीफें उठानी पड़ी, रिश्तेदारों और दोस्तों का साथ तो छूटा ही लेकिन खुद को आइने में देखने की हिम्मत भी नहीं हो रही थी।
बहुत सी मानसिक पीड़ा और दर्जनभर ऑपरेशन कराने के बाद लक्ष्मी ने उनकी तरह की एसिड अटैक विक्टिम्स के लिए मुहिम शुरु की। अब लक्ष्मी देशभर में घूम-घूम कर ऐसे सरवाईवर्स की हिम्मत बढ़ाती है और उन्हें जिंदगी की जंग में डटे रहने के तरीके सिखाती हैं।
लक्ष्मी की यह साहसभरी ज़िंदगी उन्हें सबसे खास बनाती है जिसके कायल फिल्ममेकर रोहित शेट्टी भी हैं।
स्रोत: IANS Hindi
चित्रस्रोत: Facebook/Rohit Shetty Fan Club.