इंद्राणी मुखर्जी के मस्तिष्क की एमआरआई जांच, हालत स्थिर

बहुत ज़्यादा ड्रग लेने के कारण इंद्राणी को जे. जे. अस्पताल ले जाया गया था।

WrittenBy

Written By: Editorial Team | Published : April 9, 2018 4:55 PM IST

पूर्व आईएनएक्स मीडिया प्रमुख इंद्राणी मुखर्जी के मस्तिष्क का एमआरआई स्कैन व अन्य जांच करवाई गई। एक शीर्ष अधिकारी ने शनिवार को बताया कि कथित तौर पर ड्रग की एक अत्यधिक खुराक लेने के कारण उन्हें जे. जे. अस्पताल ले जाया गया था, जहां उनकी जांच करवाई गई है। अस्पताल के डीन एस. डी. ननंदकर ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, "हम कई जांच करवा रहे हैं। अभी उनके मस्तिष्क की एमआरआई हुई और रिपोर्ट आने का इंतजार है। इससे हमें यह सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी कि क्या उन्होंने ड्रग की अधिक खुराक ले ली थी।"

इंद्राणी अपनी 24 साल की बेटी शीना बोरा के 2012 में लापता होने और बाद में उसकी हत्या का खुलासा होने के मामले में मुख्य आरोपी है और वह अगस्त 2015 से हिरासत में हैं। शुक्रवार को उनको भायखला जेल से रात 11 बजे अस्पताल लाया गया था।

वह बेहोशी व अर्धचेतना की अवस्था में बताई जा रही हैं। हालांकि, ननंदकर ने बताया कि उनकी हालत स्थिर है, क्योंकि उनके सभी प्रमुख पैरामीटर ठीक से काम कर रहे हैं और उपचार का उनपर असर हो रहा है।

इससे पहले 2015 में इंद्राणी को ड्रग की खुराक ज्यादा लेने के कारण आपात स्थिति में अस्पताल में भर्ती करवाया गया था और करीब एक सप्ताह तक उनका इलाज चला था।

स्रोत:IANS Hindi.

चित्रस्रोत :File Photo.

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source