
Also Read
Omicron Variant in Karnataka: इन दिनों जब से दक्षिण अफ्रीका में कोरोना का नया वेरिएंट ओमिक्रोन के मामले वहां के कई प्रांतों में सामने आए हैं, तब से देश के साथ दुनिया के कई देशों में इस वेरिएंट को लेकर चिंता बढ़ गई है। अब तक कई देशों में ओमिक्रोन के मामले सामने आ चुके हैं और भारत इससे बचा हुआ था। लेकिन, भारतीय स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा बयान में यह बात कही गई है कि देश में भी ओमिक्रोन दस्तक दे चुका है। ताजा मिली जानकारी से कर्नाटक में ओमिक्रोन वेरिएंट के 2 मामले मिले हैं, जिससे राज्य में चिंता बढ़ गई है।
भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के महानिदेशक बलराम भार्गव ने गुरुवार को कहा कि कर्नाटक में दो व्यक्ति जीनोम सीक्वेंसिंग के बाद ओमिक्रोन से संक्रमित पाए गए हैं। दोनों मामलों की ट्रैवल हिस्ट्री दक्षिण अफ्रीका की है। सभी ओमिक्रोन संबंधित मामलों में अब तक हल्के लक्षण पाए गए हैं। देश और विदेश दोनों में ऐसे सभी मामलों में कोई गंभीर लक्षण नहीं देखा गया है।
डब्ल्यूएचओ ने कहा है कि वायरस को लेकर अध्ययन किया जा रहा है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव ने कहा कि दुनिया भर के लगभग 29 देशों ने अब तक ओमिक्रॉन के 373 मामले दर्ज किए हैं।
उधर, नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने लोकसभा को बताया कि नवीनतम कोरोनावायरस वेरिएंट ओमिक्रोन निश्चित रूप से अंतर्राष्ट्रीय यात्रा को फिर से शुरू करने के लिए एक झटका है। उन्होंने कहा, 'ओमिक्रोन निश्चित रूप से एक झटका है, इसलिए कई देशों ने इससे निपटने के लिए अलग-अलग मापदंड रखे हैं। हमारे देश ने 11 देशों को जोखिम वाले देशों के रूप में वर्गीकृत किया है। यूके, दक्षिण अफ्रीका, ब्राजील, बोत्सवाना, चीन, जिम्बाब्वे, मॉरीशस, न्यूजीलैंड, हांगकांग, सिंगापुर और इजराइल जोखिम वाले देशों की सूची में है।'
सरकार ने बुधवार से नए मानदंड लागू कर दिए हैं और अब इन देशों से आने वाले यात्रियों को हवाई अड्डे पर आरटी-पीसीआर टेस्ट के लिए जाना होगा और सात दिनों के लिए होम क्वारंटीन अनिवार्य होगा। आठवें दिन, यात्री फिर से आरटी-पीसीआर टेस्ट के लिए जाएगा और एक नेगेटिव रिपोर्ट के बाद ही उसे स्वतंत्र रूप से आगे बढ़ने की अनुमति दी जाएगी।