
... Read More
Written By: Pallavi Kumari | Published : August 9, 2022 9:26 AM IST
कोरोना वायरस के मामलों में एक बार फिर से बढ़ोतरी देखी जा रही है। स्थिति ये है कि पिछले एक हफ्ते से हर रोज 10 हजार से ज्यादा मामले सामने आ रहे हैं। अगर सिर्फ पिछले 24 घंटे की बात करें तो स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के अनुसार, भारत में कोरोना के कुल 16,167 मामले आए हैं, जिससे कुल संक्रमणों की संख्या 4,41,61,899 हो गई है। कोरोना के कारण 41 नए लोगों की मौत भी हुई है और इससे मरने वालों की कुल संख्या 5,26,730 हो गई है। फिलहाल भारत में कुछ एक्टिव मामलों की संख्या 1,35,510 है और ये कुल मामलों का 0.31 प्रतिशत है। वहीं, रिकवरी रेट की बात करें तो, ये 98.50% है। पिछले 24 घंटों में संक्रमण से 15,549 ठीक हुए हैं, जिससे कुल ठीक होने वालों की संख्या बढ़कर 4,34,99,659 हो गई है।
कोरोना वायरसजिन राज्यों में तेजी से फैल रहा है उनमें दिल्ली भी शामिल है। दिल्ली में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 1,372 ताजा मामले सामने आए हैं। इस दौरान 1,927 ठीक हुए हैं और 6 मौतें दर्ज की गई हैं। वहीं, एक्टिव मामलों की संख्या 7,484 है। जिस तरह से कोरोना के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं, ऐसे में दिल्ली सरकार ने त्योहारों को देखते हुए जिला मजिस्ट्रेट को हर बढ़ते मामले पर नजर रखने को कहा है।
बता दें कि रविवार को दिल्ली में 2,419 मामले दर्ज किए थे, जो छह महीने में सबसे अधिक थे। वहीं, पॉजिटिविटी रेट 12.95 और 13.84 के बीच है। मामलों की बढ़ती संख्या ने पहले से ही व्यापारियों में चिंता पैदा कर दी है, जिन्होंने अधिकारियों को पत्र लिखकर अनुरोध किया है कि वे उछाल के बीच बाजारों पर प्रतिबंध न लगाएं। व्यापारियों ने लोगों से कोविड -19उचित व्यवहार का पालन करने की भी अपील की है क्योंकि संक्रमण की ये नई लहर तेजी से बढ़ सकती है।
मुंबई में पिछले 24 घंटे में 407 मामले सामने आए हैं। साथ ही 1 व्यक्ति की मौत भी हुई है। बता दें कि कुछ दिन पहले ही मुंबई में कोरोना के मामले थम गए थे, लेकिन अब फिर संक्रमण बढ़ रहा है। ऐसे में सबसे ज्यादा ध्यान त्योहारों पर है जिसे लेकर एक्सपर्ट और सरकार का कहना है कि आगामी त्योहार में कोरोना के मामले तेजी से बढ़ सकते हैं।