
साधना तिवारी
साधना तिवारी 15 वर्षों से मीडिया क्षेत्र में हैं। लगभग 9 वर्षों से अधिक समय से ZEE ग्रुप के साथ जुड़ी हुई ... Read More
Written By: Sadhna Tiwari | Updated : July 13, 2020 9:35 AM IST
Immunity Booster Drinks: कोविड-19 इंफेक्शन के आगे आपका मज़बूत इम्यून सिस्टम ही सबसे बड़ा सुरक्षा कवच साबित हो सकता है। इसीलिए, स्वास्थ्य मंत्रालय से लेकर डॉक्टर्स और हेल्थ एक्सपर्ट्स भी लोगों को इम्यूनिटी बढ़ाने की सलाह दे रहे हैं। इसके लिए आयुर्वेदिक नुस्खों को अपनाने के सलाह आयुष मंत्रालय ने कई बार दोहरायी है। ऐसे ही दो बेहतरीन फॉर्मूला हैं हल्दी वाला दूध और आयुर्वेदिक औषधियों से बना काढ़ा, जिन्हें नैचुरल इम्यूनिटी बूस्टर्स के तौर पर लोग पीते हैं। लेकिन, गर्म दूध में हल्दी घोलकर पीए जाने वाले इस घरेलू नुस्खे को संस्थाओं द्वारा भी अपनाया जा रहा है और कोविड-19 मरीज़ों को दिया जा रहा है।
दिल्ली के छतरपुर स्थित राधा स्वामी सत्संग ब्यास में बनाए गए सरदार पटेल कोविड केयर सेंटर में रोगियों को सुबह आयुर्वेदिक काढ़ा और शाम को हल्दीयुक्त दूध दिया जा रहा है। केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने रविवार को राधा स्वामी सत्संग ब्यास सरदार पटेल कोविड केयर सेंटर (एसपीसीसीसी) का भ्रमण किया और केन्द्र में कोविड-19 प्रबंधन की स्थिति की समीक्षा की। राधा स्वामी सत्संग ब्यास (आरएसएसबी) को 10,200 बिस्तर वाले 'सरदार पटेल कोविड केयर सेंटर' के रूप में विकसित किया गया है।
डॉ. हर्षवर्धन ने कहा, यहां रोगियों को सुबह आयुर्वेदिक काढ़ा और हल्दीयुक्त दूध दिया जा रहा है। पीपीई पहनने के बाद स्वास्थ्य मंत्री ने लगभग 12 मरीजों के साथ बातचीत की और केन्द्र में मिल रही सुविधाओं तथा उपचार के अलावा उनके स्वास्थ्य व सुधार के बारे में जानकारी ली। दिल्ली में कोरोनावायरस से संक्रमित हुए करीब 90 हजार व्यक्ति स्वस्थ हो चुके हैं। हालांकि इसी के साथ दिल्ली में कोरोना से 3300 से अधिक लोगों की मृत्यु भी हो चुकी है। बीते 24 घंटे के दौरान ही दिल्ली में कोरोनावायरस से 37 लोगों की मौत हुई है।