
... Read More
Written By: Anshumala | Updated : June 2, 2020 10:49 PM IST
अध्ययन में खुलासा, हाइड्रोक्सीक्लोरोक्वीन दिल की धड़कनों को कर सकती है अनियमित, जानें इस दवा के अन्य साइड एफेक्ट्स।© Shutterstock.
Hydroxychloroquine side effects : अमेरिका के जॉर्जिया इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी के वैज्ञानिकों के अनुसार, हाइड्रोक्सीक्लोरोक्वीन दवा के अधिक सेवन से आपके दिल की गति और लय (Heart rhythms) पर गंभीर प्रभाव पड़ता है। शोधकर्ताओं ने यह दर्शाने के लिए एक ऑप्टिकल मैपिंग प्रणाली का इस्तेमाल किया है कि कैसे COVID-19 के संभावित उपचार के रूप में प्रचारित मलेरिया की दवा हाइड्रोक्सीक्लोरोक्वीन (Hydroxychloroquine), दिल की धड़कनों को नियंत्रित करने वाले विद्युत संकेतों में गंभीर गड़बड़ी पैदा करता है। वैज्ञानिकों का कहना है कि यह दवा दिल के लिए खतरनाक (Hydroxychloroquine side effects on heart) साबित हो सकती है।
जर्नल हार्ट रिदम में प्रकाशित इस अध्ययन में पाया गया कि कैसे इस दवा ने बहुत ही आसानी से दिल की धड़कनों (Heart beat) को अनियमित कर दिया। अध्ययन में वैज्ञानिकों ने दो प्रकार के जानवरों के दिलों में दवा के प्रभावों का आकलन किया और पाया कि यह हृदय की धड़कन को नियंत्रित करने वाली विद्युत तरंगों के समय को बदल देता है। हालांकि, जानवरों के अध्ययन के निष्कर्षों को मनुष्यों के लिए सामान्यीकृत (generalise) नहीं किया जा सकता है। कहने का अर्थ ये है कि जरूरी नहीं कि ऐसा अध्ययन मनुष्यों पर भी लागू हो। वैज्ञानिकों का कहना है कि उन्होंने जो वीडियो बनाए हैं, वे स्पष्ट रूप से दिखाते हैं कि कैसे दवा दिल में बिजली के संकेतों को निष्क्रिय कर सकती है।
वैज्ञानिकों के अनुसार, COVID-19 रोगी हाइड्रोक्सीक्लोरोक्वीन (HCQ) प्रेरित अतालता या अनियमितता (arrhythmia) के बहुत अधिक जोखिम में होते हैं। न केवल कोविड-19 रोगियों के लिए एचसीक्यू की प्रस्तावित खुराक सामान्य खुराक से दो से तीन गुना अधिक है, बल्कि कोविड-19 का हृदय पर प्रभाव पड़ता है और इससे पोटैशियम का स्तर भी कम होता है, इससे हृदय की धड़कनों में अतालता या अनियमितता (arrhythmia) का खतरा बढ़ जाता है।
1 द लैंसेट की एक रिपोर्ट के अनुसार, हाइड्रोक्सीक्लोरोक्वीन दवा का सेवन जो भी कोविड-19 मरीज करते हैं, उनमें इस दवा का सेवन नहीं करने वालों की तुलना में मृत्यु होने का खतरा अधिक होता है।
2 हाइड्रोक्सीक्लोरोक्वीन दवा का सेवन करने वाले कोरोना के मरीजों का लगातार ब्लड टेस्ट करना होता है, ताकि इस टेस्ट के जरिए किडनी और लिवर की कंडीशन के बारे में पता लगाया जा सके। कई बार किडनी और लिवर पर नकारात्मक प्रभाव होता है।
3 हाइड्रोक्सीक्लोरोक्वीन के सेवन से कई बार चक्कर आना, पेट में दर्द, ऐंठन, सिर दर्द जैसे दुष्प्रभाव (Side effects of Hydroxychloroquine in covid-19) देखे जा सकते हैं। अधिक गंभीर साइड एफेक्ट्स में दिल की धड़कनें असंतुलित और अनियमित हो जाती हैं।
4 कुछ लोगों को सुनाई कम देता है, ब्लड शुगर लो हो जाता है। बाल अधिक गिरने से गंजापन हो सकता है। मूड में बदलाव, तनाव, सुसाइड करने का ख्याल आना जैसे दुष्प्रभाव भी शामिल हैं।
5 डॉक्टर की सलाह के बिना किसी को भी हाइड्रोक्सीक्लोरोक्वीन (Hydroxychloroquine) का सेवन नहीं करना चाहिए। अमेरिका में एक व्यक्ति ने कोरोना से बचने के लिए क्लोरोक्वीन फॉस्फेट दवा का सेवन कर लिया था, जिसके बाद उसकी मौत हो गई थी। क्लोरोक्वीन फॉस्फेट हाइड्रोक्सीक्लोरोक्वीन से मिलती-जुलती दवा है।