
रश्मि उपाध्याय
रश्मि उपाध्याय साल 2014 से मीडिया क्षेत्र से जुड़ी हैं और TheHealthSite.Com में बतौर एडिटर काम कर रही हैं। इन्हें ... Read More
Written By: Rashmi Upadhyay | Updated : January 17, 2021 10:55 AM IST
CoWin एप को कैसे डाउनलोड करें? ये एप कैसे काम करेगा? जानें वैक्सीन के लिए रजिस्टर करने का पूरा प्रोसेस
भारत में कोरोना वायरस (Corona Virus) के खिलाफ सफल टीकाकरण बीते शनिवार से स्वास्थ्य कर्मचारियों के साथ शुरू हो चुका है। दुनिया के सबसे बड़े टीकाकरण अभियान के साथ ही को-विन (CoWin) को भी लॉन्च किया गया है। ऐसे में केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री डॉ हर्षवर्धन (Union Minister of Health and Family Welfare, Harsh Vardhan) ने नागरिकों को CoWin के बारे में सूचित किया, जिसका उपयोग देश में टीकाकरण अभियान की निगरानी के लिए किया जाएगा।
आम लोगों तक कोरोना वैक्सीन पहुंचाने के लिए सरकार ने एक सिस्टम तैयार किया है। जिसका नाम CoWIN है। आम लोगों को कोरोना वैक्सीन केवल तब मिलेगी जब वे इस एप को डाउनलोड कर रजिस्टर करेंगे। सरकार ने तो बीते शनिवार को इस एप के बारे में लोगों को सूचित कर अपना काम कर दिया है। लेकिन आम लोग अभी भी कई सवालों का जवाब ढूंढ रहे हैं। आम लोग यह जानना चाहते हैं कि आखिर CoWin एप है क्या? इसे कहां से डाउनलोड करें? डाउनलोड करने के बाद यह कैसे काम करेगा? क्या रजिस्ट्रेशन करने के लिए पैसे (Charges) भी लगेंगे? एक व्यक्ति अपने परिवार के सदस्यों के लिए 2-3 बार रजिस्ट्रेशन कर सकता है? आदि!
आम लोगों के जहन में ये सभी सवाल आना लाजमी है। लेकिन इन सवालों के जवाब ढूंढने से पहले आपको स्वास्थ्य मंत्रालय की सूचना भी पढ़नी चाहिए। दरअसल, स्वास्थ्य मंत्रालय ने लोगों को सचेत करने हुए कहा है कि फिलहाल आम लोगों के लिए CoWin एप न ही एंड्राइड (Android) पर डाउनलोड किया जा सकता है और न ही एप्पल एप स्टोर (Apple app stores)पर डाउनलोड हो सकता है। ऐसे में सरकार की आरे से अगली घोषणा होने तक इस एप को डाउनलोड नहीं किया जा सकता है।
केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री, हर्षवर्धन ने हाल ही में स्पष्ट किया है कि CoWin एप पर रजिस्ट्रेशन करने की प्रक्रिया को फिलहाल शुरू नहीं किया गया है। उन्होंने लोगों को अलर्ट करते हुए कहा कि CoWin समझकर किसी फर्जी एप को डाउनलोड करने से बचें। मिनिस्ट्री ऑफ हेल्थ ने ट्वीट कर कहा कि मौजूदा समय में CoWin नाम से या इससे मिलते-झुलते कई तरह के एप्स लॉन्च हुए हैं, जो रजिस्टर करने वाले व्यक्ति का डाटा मांगकर उसे अपने पास रख रहे हैं, जिसका वह दुरुपयोग भी कर सकते हैं। इसलिए ऐसे एप्स को CoWin समझकर डाउनलोड न करें और सावधान रहें।
कोविन एप (CoWin App) एक ऐसा एप है जिसमें भारत में कोरोना टीकाकरण की पूरी जानकारी होगी और यह क्लाउड आधारित है। इस एप्लीकेशन में जहां टीका लग रहा है उन सभी सेंटरों से लेकर उन लोगों की भी पूरी जानकारी रहेगी जो टीका लगा रहे हैं। यदि कोई आम व्यक्ति कोरोना का टीका लेगा तो उसे पहले CO-WIN एप पर रजिस्टर करना होगा। कोई भी व्यक्ति इस एप के माध्यम से वैक्सीन संबंधित हर जानकारी को ट्रैक कर सकते हैं। जैसे कि कितने लोगों ने कोवैक्सीन (Covaxin) का टीका लिया है और कितने लोग कोविशील्ड (Covishield) का टीका ले रहे हैं, यह सब जानकारी आप इस एप से प्राप्त कर सकते हैं। यानि कि इस एप से भारत में लगाए जाने वाले टीकों का पूरा लेखा-जोखा आप प्राप्त कर सकते हैं।
वर्तमान में CoWIN एप केवल स्वास्थ्य कर्मचारियों के लिए उपस्थित है। सरकार का कहना है कि यह उन्हें (हेल्थ केयर वर्कर्स) को डेटा इकट्ठा करने और और वैक्सीन के बारे में पर्याप्त जानकारी प्राप्त करने में मदद करेगा। हालांकि उम्मीद है कि 1 महीने के अंदर CoWIN एप को आम लोग भी डाउनलोड कर पाएंगे।
स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक Co-WIN एप में 5 मॉड्यूल हैं जिनमें पहला प्रशासनिक मॉड्यूल, दूसरा रजिस्ट्रेशन मॉड्यूल, तीसरा वैक्सीनेशन मॉड्यूल, चौथा लाभान्वित स्वीकृति मॉड्यूल और पांचवां रिपोर्ट मॉड्यूल शामिल हैं। इनमें से पहला मॉड्यूल प्रशासनिक मॉड्यूल है जिसमें आपको वैक्सीन लेने के लिए समय बताया जाएगा। साथ ही टीका लगवाने वाले लोगों और प्रबंधकों को नोटिफिकेशन भेजा जाएगा। दूसरे मॉड्यूल, रजिस्ट्रेशन में व्यक्ति खुद वैक्सीन के लिए रजिस्ट्रेशन कर पाएगा। इस मॉड्यूल के तहत यदि कोई व्यक्ति अपने परिवार के अन्य सदस्यों का रजिस्ट्रेशन कराना चाहे तो कर सकता है। लाभान्वित स्वीकृति मॉड्यूल में क्यूआर कोड आधारित एक टीकाकरण सर्टिफिकेट मिलेगा।
1. Co-WIN एप पर खुद को रजिस्टर करें, रजिस्ट्रेशन के लिए फोटो पहचान पत्र की आवश्यकता होगी
2. रजिस्ट्रेशन के बाद टीका सेंटर और तारीख के साथ आपको एक मैसेज मिलेगा
3. अब उस टीका सेंटर पर जांए और वहां अपना मैसेज दिखाएं
4. अपने साथ कोई एक पहचान पत्र जरूर लेकर जाएं, वहां उसे दिखाएं
5. OTP के जरिए Co-WIN पर वेरिफिकेशन होगा
6. वैक्सीन लगेगी और Co-WIN पर आपका डाटा अपलोड होगा
7. दूसरी डोज के लिए आपको मैसेज मिलेगा, जिसमें पूरी जानकारी होगी
8. साइड इफेक्ट की जांच के लिए 30 मिनट तक केंद्र पर ही रहना होगा