हेल्थ ड्रिंक कैटेगरी से बाहर हुआ Horlicks, सरकार के निर्देश के बाद किया गया बदलाव

Horlicks News: हॉर्लिक्स अब हेल्थ ड्रिंक नहीं रह गया है। सरकार के आदेश के बाद हिंदुस्तान  यूनिलीवर लिमिटेड ने इसकी कैटेगरी को बदल दिया है।

WrittenBy

Written By: priya mishra | Published : April 26, 2024 11:53 AM IST

Horlicks News: कुछ दिनों पहले बॉर्नविटा को हेल्दी ड्रिंक की सूची से हटा दिया गया। इसके बाद अब हिंदुस्तान यूनिलीवर लिमिटेड (HUL) ने हॉर्लिक्स की कैटेगरी को बदल दिया है। इस फैसले के बाद हॉर्लिक्स अब हेल्थ फूड्स ड्रिंक नहीं रह गया है। अब इसकी कैटेगरी का नाम बदलकर फंक्शनल न्यूट्रीशनल ड्रिंक्स (FND) कर दिया गया है। आपको बता दें कि कॉमर्स और इंडस्ट्री मंत्रालय ने कई पेय पदार्थ की कंपनियों को अपनी ई-कॉमर्स प्लेटफार्म से हेल्थ ड्रिंक कैटेगरी को हटाने का निर्देश दिया था।

हिंदुस्तान यूनिलीवर लिमिटेड के चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर रितेश तिवारी ने एक प्रेस कांफ्रेंस के दौरान यह घोषणा करते हुए कहा कि यह बदलाव हमारे प्रोडक्ट की कैटेगरी को और ज्यादा सटीक और पारदर्शिता प्रदान करेगा। तिवारी ने कहा कि एफएनडी (FND) श्रेणी की पहुंच अभी भी कम है, जो महत्वपूर्ण विकास के अवसर प्रदान करती है। कंपनी की योजना अपने ग्राहक आधार को बढ़ाने, उपयोग को बढ़ाने और श्रेणी के भीतर उपभोक्ता उन्नयन को प्रोत्साहित करने के लिए अधिक लाभ प्रदान करने पर ध्यान केंद्रित करने की है।

क्यों किया गया कैटेगरी में बदलाव?

कॉमर्स और इंडस्ट्री मंत्रालय ने ई-कॉमर्स कंपनियों को अपने पोर्टल से बोर्नविटा समेत दूसरे ड्रिंक्स को हेल्थ ड्रिंक कैटेगरी से हटाने का आदेश दिया था। वहीं, राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग (NCPCR) ने भी कहा था कि खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम 2006 के तहत हेल्थ ड्रिंक की कोई परिभाषा नहीं है।

वहीं, इस महीने की शुरुआत में खाद्य सुरक्षा मानक नियामक एफएसएसएआई (FSSAI) ने सभी ई-कॉमर्स खाद्य व्यवसाय ऑपरेटरों (एफबीओ) को अपनी वेबसाइटों पर बेचे जा रहे खाद्य उत्पादों का उचित वर्गीकरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

FND क्या है?

FND में ऐसी ड्रिंक शामिल हैं, जो लोगों में प्रोटीन समेत कई पोषक तत्वों की कमी को पूरा करते हों। इस कैटेगरी में कोई भी नॉन-अल्कोहलिक ड्रिंक शामिल हो सकता है, जिसमें प्लांट, एनिमल मरीन या माइक्रो ऑर्गेनाइज्म सोर्स से कोई बायोटिक कंपोनेंट मिला हो।